
Long Skirt Dress Hack: मानसून आते ही कई महिलाएं लॉन्ग स्कर्ट, जींस और ट्राउजर जैसे लंबे कपड़े पहनने से बचती हैं। बारिश के दिनों में सड़कों पर जमा पानी, कीचड़ और छींटों की वजह से कपड़े जल्दी गंदे हो जाते हैं। ऐसे में लोग मौसम के हिसाब से नए कपड़े खरीदने लगते हैं। लेकिन अगर आप नए कपड़े खरीदना नहीं चाहती हैं, तो अपनी पुरानी लॉन्ग स्कर्ट को ही बिना कटाई और सिलाई के स्टाइलिश शॉर्ट ड्रेस में बदल सकती हैं। यह लुक न सिर्फ देखने में खूबसूरत लगेगा, बल्कि काफी ट्रेंडी भी दिखाई देगा। आइए जानते हैं लॉन्ग स्कर्ट को ड्रेस की तरह स्टाइल करने के 3 आसान तरीके।
ऑफ शोल्डर ड्रेस बनाने के लिए सबसे पहले लॉन्ग स्कर्ट को कमर पर पहनने की बजाय ऊपर की तरफ ऑफ शोल्डर ड्रेस की तरह पहनें। इसके ऊपर एक कॉर्सेट टॉप पहन लें, जिससे आउटफिट को बेहतर फिटिंग मिले। अब अपनी पसंद के अनुसार ड्रेस की लंबाई सेट करें। अगर ड्रेस ज्यादा लंबी लग रही है, तो नीचे एक फ्लेयर्ड शॉर्ट स्कर्ट पहन सकती हैं। इससे ड्रेस को अच्छा शेप और घेर मिलेगा। आखिर में सैंडल या बूट, साथ में अपनी पसंद का बैग और एक्सेसरीज पहनकर लुक को पूरा करें।
अगर आप बिना ज्यादा मेहनत किए सिंपल और स्टाइलिश लुक चाहती हैं, तो यह तरीका आपके लिए बेस्ट है। लॉन्ग स्कर्ट को ऊपर की तरफ पहनें और एक शोल्डर को नीचे स्कर्ट को करते हुए दूसरे शोल्डर पर फैब्रिक को रहने दें। इससे वन शोल्डर ड्रेस जैसा लुक तैयार हो जाएगा। इसके बाद कमर पर एक बेल्ट लगाएं, जिससे आउटफिट की फिटिंग बेहतर दिखे और लुक भी ज्यादा स्टाइलिश लगे। आखिर में अपनी पसंद के फुटवियर और एक्सेसरीज के साथ स्टाइल को पूरा करें।
अगर आप थोड़ा अलग और ट्रेंडी लुक चाहती हैं, तो लॉन्ग स्कर्ट को ऑफ शोल्डर ड्रेस की तरह ऊपर की ओर पहनें। यदि स्कर्ट की लंबाई ज्यादा लग रही है, तो कमर पर बेल्ट बांध लें। इसके बाद स्कर्ट के ऊपरी हिस्से को हल्का सा ऊपर की ओर खींचकर सेट करें। इससे बलून ड्रेस जैसा स्टाइलिश लुक तैयार हो जाएगा। इस आउटफिट को आप बूट, हील्स, सैंडल या स्नीकर्स के साथ आसानी से स्टाइल कर सकती हैं।