लाइफस्टाइल

Jaipur Travel: जयपुर के हवामहल के आसपास की इन 5 जगहों को नहीं घूमें तो क्या घूमें

Jaipur Travel- जयपुर का हवामहल तो हर कोई देखता है, लेकिन इसके आसपास की कई ऐसी जगहें हैं, जिनकी खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व को जानना भी बेहद जरूरी है। जयपुर आएं तो इन जगहों को जरूर एक्सप्लोर करें।
3 min read
Nov 15, 2024
Jaipur Travel
Jaipur Travel

Jaipur Travel: जयपुर जिसे "पिंक सिटी" के नाम से भी जाना जाता है। यह राजस्थान का दिल है। यहां की ऐतिहासिक इमारतें, महल, और मंदिर न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा हैं, बल्कि ये हमारे इतिहास को भी संजोकर रखते हैं। जयपुर का नाम सुनते ही सबसे पहले हवामहल का खूबसूरत नजारा आंखों के सामने आ जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हवामहल के आसपास भी कई ऐसी जगहें हैं, जो आपकी ट्रिप को और भी मजेदार और यादगार बना सकती हैं। आइये जानते है, उन खास जगहों के बारे में जो आपको जरूर एक्सप्लोर करनी चाहिए।

1. जंतर मंतर (Jantar Mantar)

हवामहल से चंद कदमों की दूरी पर स्थित जंतर मंतर सिर्फ एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि प्राचीन खगोलशास्त्र और गणित का एक अद्भुत उदाहरण है। यह खगोलीय वेधशाला जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल है। हमारे पूर्वजों की विज्ञान में गहरी समझ और तकनीकी कौशल को दर्शाती है। यहां की विशाल सूर्य घड़ी और अन्य खगोलीय यंत्र ग्रहों की स्थिति, समय और मौसम की भविष्यवाणी के लिए बनाए गए थे। इस जगह को देखकर यह समझ आता है कि आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के बिना भी हमारे पूर्वज खगोलशास्त्र में कितने उन्नत थे।

2. ताल कटोरा (Tal Katora)

जयपुर की भीड़-भाड़ और शोर-शराबे से दूर ताल कटोरा एक ऐसी जगह है, जहां आपको शांति और प्रकृति का सुखद अनुभव मिलेगा। यह खूबसूरत जलाशय हरे-भरे पेड़ों और ठंडी हवाओं से घिरा हुआ है। यहां आप प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाकर कुछ सुकून के पल बिता सकते हैं। यह जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है, जो अपनी सफर में प्रकृति से जुड़ने का समय चाहते हैं। ताल कटोरा की ठंडी हवाएं और यहां का माहौल आपको एक अलग ही सुकून का एहसास दिलाता है।

3. सरगासूली टावर (sargasuli tower)

शहर की ऊंचाई से जयपुर के गुलाबी रंग और खूबसूरत इमारतों को देखने का सपना अगर आपका भी है तो सरगासूली टावर पर जरूर जाएं। इस ऐतिहासिक टावर को जयपुर की वास्तुकला और इतिहास का प्रतीक माना जाता है। यहां से पूरे शहर का विहंगम दृश्य देखने को मिलता है। गुलाबी इमारतें, ऐतिहासिक महल और संकरी गलियां यहां से बेहद आकर्षक लगती हैं। टावर पर चढ़कर आप न केवल शहर का नजारा देख सकते हैं, बल्कि यहां का शांत वातावरण आपके मन को मोह लेता है।

4. गोविंद देव मंदिर (Govind Dev Ji Mandir)

भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित गोविंद देव जी मंदिर जयपुर का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है। यह मंदिर केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि वास्तुकला और परंपरा का भी प्रतीक है। हवामहल के पास स्थित यह मंदिर अपने सुंदर ढांचे, भव्य आरती और आध्यात्मिक माहौल के लिए प्रसिद्ध है। यहां आकर न केवल भक्ति की अनुभूति होती है, बल्कि मन को एक अलग ही शांति मिलती है। मंदिर का वातावरण इतना दिव्य है कि यहां कुछ पल बिताने मात्र से ही मन को सुकून मिल जाता है।

5. काले हनुमान जी मंदिर (Kale Hanuman Ji Mandir)

जयपुर का काले हनुमान जी मंदिर अपनी अनूठी काली प्रतिमा और चमत्कारी मान्यताओं के लिए जाना जाता है। यह मंदिर भक्तों के लिए खास स्थान रखता है। जहां लोग दूर-दूर से अपनी परेशानियां लेकर आते हैं और समाधान पाकर लौटते हैं। हवामहल के पास स्थित इस मंदिर का वातावरण बेहद पवित्र और शक्तिशाली है। यहां की शांति और भगवान की कृपा आपको एक नई ऊर्जा प्रदान करती है। ऐसा माना जाता है कि यहां पूजा करने से सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

Updated on:
15 Nov 2024 06:12 pm
Published on:
15 Nov 2024 05:30 pm