
Kids Clothes Cleaning Tips: बच्चों के खाते समय कपड़ों पर दूध, चॉकलेट, ग्रेवी जैसी चीजें गिर जाना या खेलते समय मिट्टी, कीचड़ के दाग लग जाना आम बात है। लेकिन इन्हें साफ करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है और कई बार अच्छे से धोने के बाद भी दाग पूरी तरह साफ नहीं होते। ऐसे में आप घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से इन्हें आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं बच्चों के कपड़ों से जिद्दी दाग हटाने के 5 आसान घरेलू तरीके, जिन्हें अपनाकर आप कपड़ों को आसानी से साफ कर सकते हैं।
अगर कपड़ों पर मिट्टी या खाने के दाग लग गए हैं, तो कपड़े को धोने से पहले दो चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें और इसे दाग वाली जगह पर 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर सामान्य तरीके से धो लें।
इसके अलावा आप चाहें तो एक कप सफेद सिरके में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर घोल तैयार करें। इसमें कपड़े को करीब 30 मिनट के लिए भिगोकर रखने के बाद भी धो सकते है।
अगर कपड़ों पर हल्दी, सॉस या पसीने के निशान हैं, तो दाग वाली जगह पर नींबू का रस लगाएं और ऊपर से थोड़ा नमक छिड़क दें। 10 से 15 मिनट बाद हल्के हाथ से रगड़कर धो लें।
अगर कपड़ों पर दाल, सब्जी, घी या तेल वाले खाने के दाग लग गए हैं, तो दाग वाली जगह पर थोड़ा स्टेन रिमूवर या लिक्विड डिटर्जेंट लगाकर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर धो लें। इससे चिकनाई वाले दाग आसानी से साफ हो जाएंगे।
बच्चों के सफेद कपड़ों पर लगे जिद्दी दाग साफ करने के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड में थोड़ा पानी मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। ध्यान रखें कि इसका इस्तेमाल केवल सफेद या बहुत हल्के रंग के कपड़ों पर ही करें। रंगीन कपड़ों पर इसका इस्तेमाल न करें।
कपड़ों पर लगे दाग जितनी जल्दी साफ किए जाएं, उन्हें हटाना उतना ही आसान होता है। इसलिए दाग लगते ही उसे साफ करने की कोशिश करें। पुराने दाग हटाने में ज्यादा समय और मेहनत लगती है।
ध्यान दें, बच्चों के कपड़े मुलायम होते हैं। इसलिए दाग हटाने के लिए कपड़ों को बहुत ज्यादा जोर से ब्रश या रगड़कर साफ न करें। इससे कपड़ा खराब हो सकता है और उसका रंग भी फीका पड़ सकता है। हमेशा हल्के हाथ से सफाई करें। साथ ही कपड़े धोने से पहले उनके केयर लेबल पर दिए गए निर्देश जरूर पढ़ लें।