
How To Make Onion Powder At Home: मानसून के आते ही आलू, प्याज और लहसुन जैसी सब्जियां यदि घर पर सही से स्टोर न की जाएं, तो ये खराब होने लगती हैं। वहीं, बरसात के चलते मंडी में समय पर सब्जियों के न पहुंचने के कारण बाजार में इनकी मांग बढ़ने से दाम भी बढ़ जाते हैं। ऐसे में बारिश शुरू होने से पहले अगर थोड़ी तैयारी पहले से कर ली जाए, तो इन परेशानियों से बचा जा सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, आज इस स्टोरी में शेफ के द्वारा शेयर विधि से घर पर ऑनियन पाउडर कैसे बना सकते हैं, समझ लीजिए।
इंस्टाग्राम वीडियो में शेफ राणा चंद्रा ऑनियन पाउडर की रेसिपी शेयर करते हुए बताते हैं कि एक किलो प्याज को अच्छे से धोकर बारीक स्लाइस में काट लें। इसके बाद इसे ट्रे में बराबर बिछाकर पतली परत में 5 घंटे बाहर धूप में सुखाने के बाद 45.5 डिग्री सेल्सियस पर 5 घंटे के लिए बेक करें। फिर इसे निकालकर मिक्सी में पीसकर पाउडर तैयार कर लें। पाउडर बनाने के बाद इसे छन्नी से छान लें, जिससे इसमें कोई बड़े टुकड़े न हों।
लीजिए, आपका होममेड अनियन पाउडर तैयार है। इसे आप जब चाहें अपनी रेसिपी में इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऑनियन पाउडर बहुत जल्दी नमी सोखकर जम जाता है, इसलिए इसे हमेशा एयर-टाइट कंटेनर में स्टोर करें। यदि पाउडर में नमी लग जाए, तो इसमें सूखे चावल की एक छोटी पोटली बांधकर डाल दें। चावल अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करेगा।
प्याज के पाउडर की खुशबू समय के साथ हल्की हो सकती है। इसे बचाने के लिए जार को सीधी धूप या गैस चूल्हे के आसपास न रखें। इसे हमेशा किसी ठंडी और अंधेरी जगह पर ही रखें।
ऑनियन पाउडर को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए, जार का ढक्कन लगाने से पहले उसके ऊपर प्लास्टिक रैप या एल्युमीनियम फॉयल लगाएं और फिर ढक्कन को कसकर बंद करें। इससे हवा अंदर नहीं जाएगी। यदि नमी के कारण पाउडर में गोले बन गए हों, तो उसे ओवन में 100°C से कम तापमान पर 2-4 मिनट के लिए रखें, इससे वह दोबारा पहले जैसा सही हो जाएगा।
ऑनियन पाउडर बहुत बारीक होता है और गर्म तेल में डालने पर तुरंत जल सकता है। इसे हमेशा करी या ग्रेवी के अंत में डालें या फिर पहले थोड़े पानी में घोल लें। इससे स्वाद बेहतर आता है और पाउडर जलता नहीं है।