लाइफस्टाइल

क्या आपका मेकअप प्रॉडक्ट यूज करने लायक नहीं रह गया है? रंग, स्मेल और टेक्सचर से ऐसे करें पहचान

Makeup Tips: कौन सा मेकअप प्रोडक्ट कब बदलना चाहिए? अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी और क्लीवलैंड क्लिनिक की गाइडलाइन से जानें मेकअप की सही उम्र और खराब होने के संकेत।
3 min read
• •
Sep 29, 2026
Assorted makeup products with expiry symbols next to a young child getting light safe makeup applied carefully
Makeup Expiry Date कैसे पता करें?(representative image) image credit Magnific

Beauty Tips: सही मेकअप करने के साथ ही मेकअप प्रोडक्ट्स का भी ध्यान रखना जरूरी होता है, क्योंकि हर प्रोडक्ट की एक तय उम्र होती है। लंबे समय तक रखे रहने या गलत तरीके से स्टोर किए गए मेकअप में समय के साथ बैक्टीरिया और फंगस बढ़ सकते हैं। ऐसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से त्वचा में जलन, रैशेज, मुंहासे या आंखों में संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि मेकअप अभी इस्तेमाल करने लायक दिख रहा है या नहीं, बल्कि यह जानना भी जरूरी है कि उसे कब बदल देना चाहिए। आइए जानते हैं मेकअप प्रोडक्ट्स की उम्र और उन्हें खराब होने के संकेतों को पहचानने के आसान तरीके।

पैकिंग पर दिए संकेत देखें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक कई मेकअप प्रोडक्ट्स पर एक खुले डिब्बे जैसा निशान बना होता है, जिसमें 6M, 12M या 24M जैसे नंबर लिखे होते हैं। यह बताता है कि प्रोडक्ट को खोलने के बाद कितने महीनों तक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसलिए मेकअप खरीदने और इस्तेमाल करने के साथ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि प्रोडक्ट कब खोला था।

मेकअप को ज्यादा समय तक न रखें

अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के मुताबिक मेकअप प्रोडक्ट्स को बहुत लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। समय के साथ इनमें बैक्टीरिया और फंगस बढ़ सकते हैं, जिससे त्वचा में जलन, रैशेज और संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं

लिपस्टिक और लिप ग्लॉस भी समय पर बदलें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक लिपस्टिक, लिप ग्लॉस और लिप बाम को करीब 6 महीने बाद बदल देना चाहिए। होंठों पर इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स भी समय के साथ दूषित हो सकते हैं। अगर किसी लिप प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के दौरान कोल्ड सोर हो जाए, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय नया प्रोडक्ट लेना बेहतर है।

फाउंडेशन और कंसीलर को कब बदलें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक लिक्विड फाउंडेशन और लिक्विड कंसीलर को करीब 6 महीने बाद बदलने की सामान्य गाइडलाइन है। वहीं पाउडर फाउंडेशन और पाउडर कंसीलर करीब 1 से 2 साल तक चल सकते हैं। हालांकि, अगर इससे पहले ही प्रोडक्ट का रंग, गंध या टेक्सचर बदल जाए तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। वहीं, अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के मुताबिक लिक्विड आईलाइनर को करीब 3 महीने बाद बदलने की सलाह दी जाती है। बीबी क्रीम, क्रीम ब्लश, लिक्विड आईशैडो, लिप बाम, लिप ग्लॉस, लिप प्लंपर को करीब 6 महीने तक, पाउडर आईशैडो को 6 से 9 महीने, कंसीलर, लिक्विड फाउंडेशन को 1 साल और लिपस्टिक, लिप लाइनर और ब्रो पाउडर को करीब 2 साल तक इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं पेंसिल आईलाइनर और कुछ पाउडर प्रोडक्ट्स 2 से 3 साल तक चल सकते हैं।

मेकअप का रंग या गंध बदल जाए तो उसे फेंक दें

अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के मुताबिक अगर मेकअप की गंध खराब हो जाए, उसका टेक्सचर बदल जाए, वह बहुत सूखा या ज्यादा पतला हो जाए या उसका रंग बदल जाए, तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) भी गंध, रंग, टेक्सचर में बदलाव और प्रोडक्ट के ठीक से काम न करने को मेकअप खराब होने के संकेत मानता है।

मेकअप ब्रश और स्पंज भी साफ रखें

अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के मुताबिक मेकअप ब्रश को हर 7 से 10 दिन में साफ करना चाहिए। गंदे ब्रश और स्पंज में बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं, जो त्वचा पर मुंहासे, रैशेज और संक्रमण की वजह बन सकते हैं।

मेकअप शेयर न करें

अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के मुताबिक ऐसे मेकअप प्रोडक्ट्स किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर नहीं करने चाहिए, जो सीधे त्वचा, पलकों या आंखों के आसपास लगाए जाते हैं या ब्रश और स्पंज से इस्तेमाल किए जाते हैं। इस्तेमाल के बाद प्रोडक्ट का ढक्कन भी अच्छी तरह बंद करें और मेकअप को साफ और सूखी जगह पर रखें। मेकअप को सीधी धूप और बहुत ज्यादा गर्म जगह पर रखने से भी बचना चाहिए।

Updated on:
29 Sept 2026 02:42 pm
Published on:
29 Sept 2026 02:34 pm