लाइफस्टाइल

शाहिद कपूर की पत्नी मीरा कपूर के स्किन केयर से लें टिप्स, जानें क्या है स्लगिंग

Winter Skincare Tips: सर्दियों में स्लगिंग करने से क्या फटी और रूखी त्वचा को फायदा हो सकता है? आइए जानते हैं, इसे कैसे करना चाहिए और किन लोगों को इससे बचना चाहिए।
3 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:24 AM IST
Mira Kapoor
Mira Kapoor स्किन केयर टिप्स Slugging (file photo) image credit instagram/ mira.kapoor

Slugging: हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए सोशल मीडिया पर कई तरह के टिप्स आए दिन वायरल होते रहते हैं। ऐसे ही एक स्किन केयर टिप्स, स्लगिंग के बारे में अभिनेता शाहिद कपूर की पत्नी मीरा कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था। यह टिप्स सर्दियों में होने वाली रूखी, फटी त्वचा से राहत दिला सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि स्लगिंग क्या है, इसे सही तरीके से कैसे किया जाता है और किन लोगों को इससे बचना चाहिए।

स्लगिंग क्या होती है?

स्लगिंग एक वायरल स्किन केयर ट्रेंड है। इसमें सोने से पहले चेहरे पर पेट्रोलियम जेली जैसे नमी रोकने वाले प्रोडक्ट की पतली परत लगाई जाती है। ऐसा करने से अगली सुबह त्वचा चमकदार और मुलायम होने का सोशल मीडिया पर दावा किया जाता है।

स्किन केयर में स्लगिंग करने से क्या होता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, स्लगिंग करने से चेहरे की नमी बनी रहती है, जिससे त्वचा ज्यदा मुलायम महसूस होती है। यह त्वचा की बाहरी परत को सहारा देने के साथ ही ऐसा करने से त्वचा में नमी बनी रहती है, जिससे उसे खुद को रिपेयर करने का समय मिलता है। यह परत कुछ हद तक बाहरी कणों को त्वचा में जाने से भी रोकती है, जिससे त्वचा में जलन कम हो सकती है।

किसे स्लगिंग करने से बचना चाहिए?

स्लगिंग से रूखी त्वचा में सुधार हो सकता है, लेकिन अगर आपकी त्वचा पहले से ही ऑयली है, तो इससे बचना चाहिए। इसके अलावा एक्ने-प्रोन स्किन टाइप वालों के साथ ही अगर चेहरे पर कोई फोड़ा, दाना, घाव या किसी तरह का संक्रमण है, तब भी स्लगिंग करने से बचना चाहिए। साथ ही एक्जिमा, सेबोरिक डर्माटाइटिस या फंगल इन्फेक्शन जैसी स्थितियों में इसे इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।

स्किन केयर में स्लगिंग कैसे शामिल करें?

  • स्लगिंग को अपने स्किन केयर में शामिल करने के लिए सबसे पहले माइल्ड फेस वॉश से चेहरा धोएं। ध्यान रहे कि स्लगिंग हमेशा साफ त्वचा पर ही करनी चाहिए।
  • फेसवॉश के बाद रेटिनॉल या रेटिनॉयड, AHA, BHA और विटामिन C जैसे प्रोडक्ट न इस्तेमाल करें। जेली की परत इन्हें त्वचा में बंद कर देती है, जिससे लालिमा और जलन हो सकती है। इनके बजाय हल्का मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं।
  • इसके बाद पेट्रोलियम जेली बहुत ज्यादा लेने के बजाय जरुरत के अनुसार थोड़ी-सी लेकर चेहरे पर लगाएं। ध्यान दें कि जेली आंखों के भीतर न जाने पाए। पेट्रोलियम जेली कपड़े पर दाग भी छोड़ सकती है, इसलिए तकिये पर पुराना तौलिया या कवर डाल लें। इसके साथ ही कोशिश करें कि इसे सोने से करीब आधा घंटा पहले लगाएं।
  • स्लगिंग करने के अगले दिन सुबह उठकर हल्के क्लींजर से चेहरा धोएं। बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना न भूलें।

स्लगिंग कितनी बार करनी चाहिए?

स्लगिंग का कोई तय नियम नहीं है। यह त्वचा की जरूरत और मौसम पर निर्भर करता है। त्वचा ज्यादा रूखी हो तो हफ्ते में एक-दो या तीन रातें कर सकते हैं। रोज करना आमतौर पर जरूरी नहीं होता। गर्मी और उमस के मौसम में इसकी जरूरत कम पड़ती है, जबकि सर्दियों में यह ज्यादा फायदेमंद हो सकती है।

स्किन केयर में स्लगिंग शामिल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्लगिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट को पहली बार चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करें। इसके बाद ही चेहरे पर इस्तेमाल करें। इसके अलावा, अगर चेहरे पर लालिमा, जलन, खुजली या दाने निकलें, तो तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें। परेशानी बढ़ जाए तो त्वचा विशेषज्ञ को दिखाएं।

डिस्क्लेमर: इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। स्किन से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।

Updated on:
11 Nov 2026, 11:24 AM IST
Published on: