Nana Patekar Quit Smoking: एक्टर नाना पाटेकर एक दिन में 60 सिगरेट पीते थे लेकिन एक झटके में वो सिगरेट की लत से इस तरह से छुटकारा पाए थे।
Nana Patekar Quit Smoking: एक्टर नाना पाटेकर ने इस बात को खुद जब बताया कि वो कभी दिनभर में 60 सिगरेट फूंक देते थे। हालांकि, सुनकर ये यकीन करना मुश्किल है। मगर एक्टर ने इसे स्वीकार किया और सिगरेट की लत छोड़ने से जुड़ा किस्सा भी सुनाया। नाना पाटेकर के जीवन का ये किस्सा मार्मिक है और सिगरेट छोड़ने वालों के लिए काफी काम आ सकता है। अगर आपको सिगरेट छोड़ने की चाहत है तो नाना पाटेकर के टिप्स (Tips to quit smoking) आपके काम आ सकते हैं।
लल्लनटॉप के साथ इंटरव्यू देते हुए नाना पाटेकर ने सिगरेट पीने का किस्सा सुनाया था। नाना पाटेकर ने कहा कि मैं इतना सिगरेट पीता था कि मेरे शरीर से बू आती थी। नहाते वक्त भी मेरे हाथ में सिगरेट होती थी। हर दिन करीब तीन डिब्बे सिगरेट खत्म हो जाते थे। उनकी तबीयत भी खराब रहती थी फिर भी सिगरेट हाथ से नहीं छूटती थी।
नाना पाटेकर बच्चे की मौत पर घर गए थे। उस वक्त वो सिगरेट पी रहे थे और उनकी बहन ने देख लिया था। नाना पाटेकर सिगरेट पीते वक्त खांस भी रहे थे। ये सब देखकर नाना पाटेकर की बहन ने कहा था कि पता नहीं और क्या-क्या देखना पड़ सकता है। इस बात को सुनने के बाद नाना पाटेकर सोचने पर मजबूर हो गए थे। वो वापस मुंबई आने के बाद भी बहन की बात को भूल नहीं पा रहे थे।
नाना पाटेकर ने बहन की बात को सुनने के बाद, ठान ली कि सिगरेट छोड़ देंगे। इस तरह से वो खुद से इस बात को लेकर डट गए कि सिगरेट को हाथ नहीं लगाएंगे। जब भी सिगरेट पीने की इच्छा होती तो वो खुद से कहते थे, "कल सिगरेट पिउंगा"। हर दिन वो इस बात को फॉलो करने लगे। इस तरह से वो सिगरेट से छुटकारा पा गए। करीब 20 साल हो गए लेकिन सिगरेट को हाथ तक नहीं लगाया है।
अगर आप भी नाना पाटेकर की तरह सिगरेट की लत से परेशान हैं तो ये कुछ टिप्स फॉलो कर सकते हैं। जिस तरह से नाना ने अपनी बहन की बात को ध्यान में रखकर सिगरेट छोड़ दी वैसे ही आप ये सोचे कि आपके अपने भी सिगरेट पीने से आपको लेकर चिंतित होते हैं। साथ ही आप भी सिगरेट की तलब उठने पर नाना पाटेकर की तरह ये फॉलो करें कि "कल सिगरेट पिउंगा"। शायद आप भी कैंसर देने वाली सिगरेट को छोड़ सकते हैं।