
DIY Dupatta Top Designs: अगर आपके पास कुछ पुराने या कम इस्तेमाल होने वाले दुपट्टे रखे हैं, तो उन्हें अलमारी में रखने की बजाय स्टाइलिश टॉप्स में बदला जा सकता है। थोड़ी सी क्रिएटिविटी और कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप बिना ज्यादा खर्च किए ट्रेंडी और यूनिक आउटफिट तैयार कर सकती हैं। यहां हम आपको दुपट्टे से बनने वाले तीन आसान DIY टॉप्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप मिनटों में घर पर तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
अगर आपके पास कोई बड़ा दुपट्टा पड़ा है, तो उसे बहुत आसानी से एक ट्रेंडी क्रॉप टॉप में बदला जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले दुपट्टे को लंबाई में आधा मोड़ लें और फिर चौड़ाई में भी आधा मोड़ लें। अब जिस कोने पर सभी फोल्ड मिल रहे हैं, वहां अपनी पसंद के हिसाब से गले का आकार मार्क करें और कैंची से काट लें। गला जितना डीप या चौड़ा चाहिए, उसी हिसाब से कट रखें। इसके बाद कटे हुए गले के किनारों को हाथ से या सिलाई मशीन से हल्का सा सिल दें, ताकि फिनिशिंग अच्छी लगे। अब दुपट्टे को खोल लें। गले वाला हिस्सा बीच में आ जाएगा और आपका क्रॉप टॉप तैयार हो जाएगा। आप इसे जींस, ट्राउजर, स्कर्ट या शॉर्ट्स के साथ आसानी से स्टाइल कर सकती हैं।
एथनिक दुपट्टा केप टॉप बनाने के लिए सबसे पहले दुपट्टे को लंबाई में आधा मोड़ें और फिर चौड़ाई में भी आधा मोड़ लें। इसके बाद फोल्ड वाले कोने पर अपनी चार उंगलियां रखकर गले का नाप लें और मार्किंग करें। अब उस मार्किंग से तिरछी लाइन बनाते हुए गले के शेप में काट लें। गला का डिजाइन कटने के बाद गले से नीचे अपनी हथेली के बराबर नाप लेकर स्लीव की मार्किंग करें। फिर निशान के अनुसार स्लीव का शेप बनाते हुए कपड़ा काट करें। सभी कटिंग पूरी होने के बाद गले और स्लीव के किनारों को सिलकर फिनिशिंग दें। इसके बाद दुपट्टे को खोल लें। आप इसे ट्रेडिशनल या इंडो-वेस्टर्न आउटफिट के साथ स्टाइल कर सकती हैं।
एक दुपट्टा लेकर उसे प्लेट्स की तरह फोल्ड कर लें और गले पर पीछे से आगे की तरफ रखते हुए दोनों तरफ बराबर कर लें। इसके बाद ऐसी चूड़ी या कंगन लें जो आसानी से टूटे नहीं। अब दुपट्टे के दोनों हिस्सों को चूड़ी या कंगन में निकालें। फिर दोनों सिरों को पीछे ले जाकर अच्छी तरह बांध लें। लीजिए, बिना सिलाई और दुपट्टे की कटाई किए आपका DIY डिजाइनर टॉप तैयार है।