लाइफस्टाइल

महंगे स्वेटर पर रोएं देखकर न हों परेशान! बिना कपड़ा खराब किए ऐसे करें साफ, अपनाएं ये 5 ट्रिक्स

Woolen Clothes Care: सर्दियों में स्वेटर और दूसरे ऊनी कपड़े पहनकर सोने या उनकी सही देखभाल न करने से उन पर रोएं या छोटे-छोटे गोले बनने लगते हैं, जिससे नए कपड़े भी पुराने दिखने लगते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि इससे बचने के लिए क्या कर सकते हैं और ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने के आसान तरीके क्या हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:48 PM IST
lint remover tips
ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने के लिए lint remover tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Remove Lint From Sweater: सर्दियों में ऊनी कपड़े निकालते ही सबसे पहले नजर स्वेटर पर जमे रोओं पर जाती है। बाजू, कॉलर और बगल वाली जगह पर छोटे-छोटे गोले उभर आते हैं, जिससे महंगा स्वेटर भी पुराना दिखने लगता है। ऐसे में ज्यादातर लोग या तो हाथ से खींचकर रोएं निकालने लगते हैं। ऐसे में थोड़ी सावधानी रखें तो ऊनी कपड़ों से रोएं हटाने के तरीके काफी आसान हैं और कपड़ा भी खराब नहीं होता। आइए जानते हैं कैसे।

हल्के रोएं हों तो लिंट रोलर का करें इस्तेमाल


अगर रोएं कम हैं और अभी जमे नहीं हैं, तो चिपकने वाला लिंट रोलर काम कर जाता है। बाहर निकलने से पहले जल्दी में स्वेटर साफ करना हो, तो यह तरीका ठीक रहता है। हालांकि घने और जमे हुए रोएं इससे नहीं निकलते।


स्वेटर कॉम्ब से धीरे-धीरे हटाएं

स्वेटर कॉम्ब रोएं हटाने का एक पुराना तरीका है। इसके लिए स्वेटर को किसी समतल जगह पर बिछाएं, फिर कपड़े को हल्का खींचकर पकड़ें और कंघी को एक ही दिशा में धीरे-धीरे चलाएं। बीच-बीच में जमा हुए रोएं साफ करते रहें। कश्मीरी या महीन ऊन के लिए अलग से कश्मीरी कॉम्ब मिलती है।

फैब्रिक शेवर इस्तेमाल करें

फैब्रिक शेवर एक छोटी मशीन होती है, जिसमें अंदर घूमने वाले ब्लेड रोएं काट देते हैं। इसे भी स्वेटर को बिछाकर और कपड़ा खींचकर चलाएं। दबाव कम रखें और बीच-बीच में इसका चैंबर खाली करते रहें, वरना रोएं ठीक से नहीं कटेंगे। एक ही जगह पर बार-बार शेवर चलाने से बचें, क्योंकि इससे कपड़ा पतला हो सकता है।

धोते समय रखें ये सावधानियां

रोएं सबसे ज्यादा धुलाई की रगड़ से बनते हैं। इसलिए स्वेटर को उल्टा करके धोएं, ताकि रगड़ अंदर की तरफ लगे। ठंडे पानी में हाथ से धोना सबसे सही रहता है। मशीन में धोना ही हो तो जालीदार मेश बैग में डालें और हल्का साइकिल चुनें। फैब्रिक सॉफ्टनर इस्तेमाल न करें और जींस या जिप वाले कपड़ों के साथ ऊनी कपड़े न धोएं। सुखाने के लिए तौलिये पर समतल बिछाएं, टंबल ड्रायर में न डालें। इसके अलावा धोने से पहले केयर लेबल जरूर पढ़ लें, क्योंकि कई स्वेटर पर सिर्फ ड्राई क्लीन लिखा होता है।

रोजमर्रा की आदतों में करें ये बदलाव

ऊनी कपड़े को हर बार पहनने के बाद धोने की जरूरत नहीं होती। तीन से पांच बार पहनने के बाद एक बार धोना काफी होता है। बीच में उसे बस हवा में खुला सुखा सकते हैं। इसके अलावा, एक ही स्वेटर रोज पहनने के बजाय दो-तीन स्वेटर बदल-बदलकर पहनें, जिससे एक ही जगह पर ज्यादा रगड़ न पड़े। रोएं दिखते ही हटा दें, क्योंकि जमने के बाद इन्हें निकालना मुश्किल हो जाता है।

Updated on:
26 Nov 2026, 8:48 PM IST
Published on: