26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Lifestyle News / Morning Walk Tips: सर्दियों में सुबह वॉक पर जाते हैं तो कपड़ों से लेकर जूतों तक इन बातों का रखें ध्यान

Morning Walk Tips: सर्दियों में सुबह वॉक पर जाते हैं तो कपड़ों से लेकर जूतों तक इन बातों का रखें ध्यान

Morning Walk in Winter Tips: सर्दियों में सुबह की सैर सेहत के लिए फायदेमंद होती है, लेकिन कुछ छोटी गलतियां परेशानी बढ़ा सकती हैं। आइए जानते हैं ठंड में मॉर्निंग वॉक को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के जरूरी टिप्स।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Priyambada yadav

•

Updated: 26 Nov 2026, 1:39 PM IST

Morning Walk Tips

Morning Walk से जुड़े Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Winter Morning Walk Tips: हेल्दी और फिट बने रहने के लिए मॉर्निंग वॉक को अच्छा माना जाता है। इसीलिए कुछ लोग गर्मी की तरह सर्दियों में भी चाहे कितनी भी ठंड हो, सुबह की ताजा हवा में टहलने निकल पड़ते हैं। लेकिन ठंड में बिना तैयारी के की गई सैर से थोड़ी परेशानी हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि सर्दियों में सुबह की वॉक पर जाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

कई परतों में कपड़े पहनें

मॉर्निंग वॉक शुरू करते ही शरीर गर्म होने लगता है और पसीना भी आ सकता है। ऐसे में अगर एक भारी स्वेटर या जैकेट पहना हो, तो यह पसीना अंदर ही रह जाता है और थोड़ी देर बाद ठंड और ज्यादा लगने लगती है। इसलिए कपड़े पतली-पतली परतों में पहनें। सबसे अंदर पसीना सोखने वाला कोई कपड़ा पहनने के बाद हल्का स्वेटर और फिर ऊपर से हवा रोकने वाली जैकेट पहनें। गर्मी लगे तो एक परत उतार लें, और ठंड लगने पर आसानी से दोबारा पहन लें। साथ ही सिर, कान और हाथों को ढकना न भूलें।

फिसलन से बचाने वाले जूते चुनें

सुबह के समय सड़क और पार्क की जमीन ओस से गीली रहती है। ऐसे में घिसे हुए या चिकने सोल वाले जूते पहनकर चलना खतरनाक हो सकता है। ऐसे जूते पहनें जिनकी पकड़ अच्छी हो और जो पैर में कसकर बैठें। इसके साथ ही सामान्य मोजों की जगह पैरों को गर्म रखने वाले मोटे मोजे जरूर पहनें।

उठते ही वॉक पर न जाएं

सर्दियों में उठते ही सीधे बाहर टहलने न निकलें। पहले घर के अंदर 5 से 10 मिनट हल्की स्ट्रेचिंग या वॉर्म-अप करें। इससे शरीर को गर्म कमरे से ठंडी हवा में जाने के बदलाव के लिए तैयार होने का वक्त मिल जाता है। वॉक खत्म करने के बाद भी कुछ देर धीमी कदमों से चलें, फिर बैठें।

AQI देखकर तय करें सैर का समय

ठंडी हवा प्रदूषण को ऊपर उठने नहीं देती, इसलिए अगर आपके यहां सुबह के वक्त धूल और धुआं जमीन के पास ही जमा रहता है। इसके साथ ही अगर AQI खराब श्रेणी में आपके यहां का आता है, तो खुले में सैर की जगह घर के अंदर हल्का व्यायाम करें। वहीं सूरज निकलने के बाद टहलने निकलना ज्यादा सही रहता है।

पानी पीना न भूलें

ठंड में प्यास कम लगती है, जिससे लोग पानी पीना भूल जाते हैं। सैर से पहले और बाद में पानी पिएं। ठंडा पानी पीने का मन न हो, तो गुनगुना पानी ले सकते हैं। चलते समय उंगलियों में सुन्नपन या झुनझुनी लगे, तो हाथों को गर्म करें। सीने में बेचैनी, सांस फूलना या चक्कर आने जैसी परेशानी हो, तो वॉक रोक दें और डॉक्टर को दिखाएं।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है।