
Salad Plate Decoration Ideas: मेहमानों के लिए चाहे कितनी भी वैरायटी की डिश क्यों न बना लें, लेकिन सलाद के बिना थाली अधूरी होती है। ऐसे में अगर आपके घर जल्द मेहमान आने वाले हैं या आप आने वाले फेस्टिव सीजन के लिए सलाद सजाने के तरीके खोज रहे हैं, तो यहां बताए गए डिजाइन से आइडिया लेकर आप सलाद को खूबसूरती से सजा सकते हैं। आइए जानते हैं बर्ड, फ्लावर और स्वान डिजाइन में सलाद कैसे सजा सकते हैं।
मोर डिजाइन में सलाद सजाने के लिए सबसे पहले खीरे को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद खीरे को पतले और बराबर आकार के स्लाइस में काट लें। अब एक प्लेट लें और उसमें खीरे के स्लाइस को मोर के पंखों की तरह एक के बाद एक सजाना शुरू करें। ध्यान रखें कि स्लाइस को थोड़ा फैलाकर लगाएं, ताकि पंखों का सुंदर आकार दिखाई दे। इसके बाद मोर का शरीर बनाने के लिए खीरे के एक टुकड़े को सही आकार में काटकर पंखों के बीच में लगाएं। अब गर्दन और सिर बनाने के लिए खीरे या किसी हरी सब्जी का इस्तेमाल करें। इसके बाद मोर की आंख और चोंच को छोटे आकार में काट कर लगाएं।
फूलों के गुलदस्ते जैसा सलाद सजाने के लिए सबसे पहले खीरे, गाजर, टमाटर और चुकंदर जैसी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद सभी सब्जियों को पतली और बराबर स्लाइस में काट लें। अब टमाटर और गाजर की स्लाइस को धीरे धीरे मोड़कर गुलाब के फूल का आकार दें और इन्हें प्लेट के बीच में सजाएं। इसके बाद खीरे की पतली स्लाइस से पत्तियों और बेल जैसा डिजाइन तैयार करें, जिससे सलाद फूलों के गुलदस्ते जैसा दिखाई देने लगे।
मेहमानों के लिए सलाद सजाने के लिए आप खीरे से स्वान डिजाइन भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक ताजा खीरा लें और उसे अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब खीरे के एक हिस्से को काटकर उसका आधार तैयार करें, ताकि वह प्लेट में आसानी से खड़ा रह सके। इसके बाद खीरे के लंबे और पतले स्लाइस काटें और उन्हें एक के ऊपर एक लगाकर स्वान के पंखों की तरह सजाएं। अब खीरे के दूसरे हिस्से से स्वान की गर्दन और सिर का आकार तैयार करें और उसे शरीर के साथ जोड़ दें। स्वान की आंख बनाने के लिए काली मिर्च या किसी छोटी सब्जी का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि चोंच बनाने के लिए गाजर का छोटा टुकड़ा लगाया जा सकता है। तैयार खीरे के स्वान को प्लेट में रखें और उसके आसपास हरी सब्जियों से सजावट करें।