
Sambhar Lake: जयपुर घूमने का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों को किले, महल और कल्चर एक्सप्लोर करने का ख्याल आता है। लेकिन जयपुर से कुछ दूर एक ऐसी जगह भी है, जहां सर्दियों में हजारों पिंक फ्लेमिंगो आते हैं। इस झील को भारत की सबसे बड़ी अंतर्देशीय खारे पानी की झील माना जाता है। आइए जानते हैं कि ये झील कौन-सी है, यहां फ्लेमिंगो के अलावा आप क्या-क्या देख सकते हैं और घूमने जाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सांभर झील जयपुर के दक्षिण-पश्चिम और अजमेर के उत्तर-पूर्व की तरफ है। इसका किनारा जयपुर, अजमेर और नागौर, तीन जिलों को छूता है। जयपुर से सड़क के रास्ते यहां पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं। ये झील मौसम के हिसाब से बदलती रहती है। बारिश में इसमें पानी फैल जाता है और गर्मियों में सिकुड़ जाता है।
राजस्थान पर्यटन के अनुसार, सर्दियों में यहां हजारों पक्षी बाहर से आते हैं, जिनमें फ्लेमिंगो (Flamingo) सबसे मशहूर हैं। फ्लेमिंगो के अलावा यहां पेलिकन, कूट, ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट, सैंडपाइपर और रेडशैंक जैसे कई प्रवासी पक्षी भी देखे जा सकते हैं। पक्षी देखने का सबसे अच्छा टाइम सर्दियों में और सुबह का माना जाता है।
राजस्थान पर्यटन के अनुसार, सांभर झील में पिंक फ्लेमिंगो और दूसरे प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए नवंबर से फरवरी का समय अच्छा माना जाता है। हालांकि, पक्षियों की संख्या मौसम और झील में पानी की स्थिति के हिसाब से बदल सकती है।
सांभर झील के आसपास आप शाकंभरी माता का मंदिर और देवयानी कुंड देख सकते हैं। इसके अलावा सांभर सॉल्ट म्यूजियम में आप झील और नमक बनने के बारे में जान सकते हैं।