लाइफस्टाइल

सिल्क, ऊनी और कश्मीरी कपड़ों की चमक और सॉफ्टनेस रखनी है बरकरार? अपनाएं ये केयर टिप्स 

Silk Clothes Care Tips: सिल्क, ऊनी और कश्मीरी कपड़ों की चमक और सॉफ्टनेस बनाए रखने के लिए इन्हें धोने, सुखाने और संभालकर रखने से जुड़ी किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं कुछ जरूरी टिप्स, जिनकी मदद से कपड़े लंबे समय तक नए जैसे बने रहेंगे।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 1:13 PM IST
Winter Clothes Care
Winter Clothes Care के लिए टिप्स (Representative Image) Image Credit Magnific

Woolen Clothes Care Tips: सिल्क, ऊनी और कश्मीरी कपड़ों को आम कपड़ों की तरह धोने, नॉर्मल डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने या गलत तरीके से सुखाने पर ये जल्दी खराब हो सकते हैं। इनकी चमक जा सकती है या रंग फीका पड़ सकता है। वहीं हर बार इस्तेमाल के बाद इन्हें ड्राई क्लीन करवाना मुश्किल है। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखें तो घर पर भी इनकी देखभाल की जा सकती है, जिससे ये जल्दी खराब नहीं होंगे। आइए जानते हैं कैसे।

केयर लेबल पढ़ें

सिल्क, ऊनी और कश्मीरी के साथ-साथ किसी भी कपड़े को धोने से पहले उसमें लगा केयर लेबल देखें। "Dry Clean Only" लिखा हो तो उसे पानी में न धोएं। "Hand Wash" लिखा हो तो सिर्फ हाथ से धोएं। अगर केयर लेबल नहीं है, तो कपड़े के अंदर के किसी छिपे हिस्से को, जो बाहर से साफ दिखाई न दे, ठंडे पानी और माइल्ड डिटर्जेंट से थोड़ा सा धोकर देखें। रंग छूटे या कपड़ा सिकुड़े तो उसे घर पर न धोएं, ड्राई क्लीन करवाएं।

सिल्क के कपड़ों की ऐसे करें देखभाल

सिल्क पर पसीना, परफ्यूम और पानी की बूंदें आसानी से निशान छोड़ देती हैं। इसलिए परफ्यूम या डियो पहले लगाएं, सूखने दें और फिर सिल्क के कपड़े पहनें। केयर लेबल पर हैंड वॉश लिखा हो तो ठंडे पानी में माइल्ड डिटर्जेंट मिलाकर हल्के हाथ से धोएं। मलें या निचोड़ें नहीं और न ही ज्यादा देर भिगोकर रखें। गहरे रंग वाले सिल्क में रंग निकल सकता है, इसलिए उसे दूसरे कपड़ो के साथ नहीं बल्कि अकेले धोएं। साफ पानी से धोने के बाद कपड़े को तौलिए में दबाकर पानी निकालकर छांव में सुखाएं। इसके अलावा प्रेस करनी हो तो प्रेस का तापमान कम पर कर के कपड़े के ऊपर पतला सूती कपड़ा रखने के बाद करें।

ऊनी कपड़ों की ऐसे करें देखभाल

ऊन गर्म पानी और रगड़ से सिकुड़ जाता है, इसलिए ऊनी कपड़े ठंडे पानी में ऊन के लिए बने डिटर्जेंट से धोएं। कपड़े को पानी में हल्के से दबाएं, मलें नहीं। साबुन निकालने के लिए साफ पानी में दो-तीन बार डुबोएं। इसके बाद कपड़े को तौलिए में लपेटकर पानी सोखें और समतल जगह पर बिछाकर छांव में सुखाएं। गीले स्वेटर को हैंगर पर न टांगें, वरना वह खिंचकर लंबा हो सकता है। इसके अलावा हर बार ऊनी कपड़े पहनने के बाद धोने की जरूरत नहीं होती। कुछ बार पहनने के बाद या गंध आने पर धोएं।

कश्मीरी कपड़ों की ऐसे करें देखभाल

कुछ कश्मीरी कपड़ों के रेशे बहुत महीन होते हैं, इसलिए इन्हें धोने के लिए ज्यादा सावधानी की जरूरत पड़ती है। इसलिए इन्हें बार-बार धोने से बचें। धोना जरूरी हो तो ठंडे पानी में माइल्ड शैम्पू या ऊन वाला डिटर्जेंट मिलाकर हल्के हाथ से धोएं। इसके बाद तौलिए में लपेटकर पानी निकालकर समतल जगह पर सुखाएं। इन कपड़ों पर छोटे रोएं आना सामान्य है। इसलिए इन्हें उंगलियों से खींचकर न तोड़ें, कश्मीरी कंघी या फैब्रिक शेवर से हल्के हाथ से हटाएं। इसके अलावा कश्मीरी कपड़ों को मोड़कर रखें, हैंगर पर न टांगें। असली पश्मीना या कढ़ाई वाले शॉल घर पर न धोएं, इन्हें प्रोफेशनल को दें।

स्टोर करते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

कपड़ा हमेशा साफ और पूरी तरह सूखा हो, तभी अलमारी में रखें। पसीने या खाने के दाग वाले ऊनी कपड़ों में गंध आने या कीड़े लगने का खतरा ज्यादा रहता है। पॉलीथिन में लंबे समय तक बंद न रखें, इससे नमी जम सकती है। सूती कपड़े या हवादार बैग का इस्तेमाल करें।

इन गलतियों से बचें

  • पेट्रोल, स्पिरिट या थिनर से कपड़े साफ करने की कोशिश न करें, क्योंकि इनसे आग लग सकती है।
  • ब्लीच, सिरका या दूसरे केमिकल आपस में मिलाकर इस्तेमाल न करें।
  • सिल्क, ऊनी और कश्मीरी कपड़ों पर नॉर्मल या हार्ड डिटर्जेंट इस्तेमाल करने से बचें।
  • कपड़ों को हीटर के पास या तेज धूप में न सुखाएं।
  • दाग को रगड़ें नहीं, साफ कपड़े से हल्के से थपथपाएं। पुराना या बड़ा दाग हो तो प्रोफेशनल से साफ करवाएं।
Updated on:
24 Nov 2026, 1:13 PM IST
Published on: