लाइफस्टाइल

Surati Khaman Recipe : घर पर बनाएं बाजार जैसा सॉफ्ट और जालीदार सुरती खमन

घर पर बाजार जैसा सॉफ्ट और स्पंजी सुरती खमन बनाना सीखें। जानें Surati Khaman Recipe, fermentation tips और perfect steaming का आसान तरीका।

3 min read
May 18, 2026
वाटी दाल खमन रेसिपी (file photo) | image credit instagram- theflavourful_journal

Chana Dal Khaman Recipe: अगर आपका सुरती खमन घर पर बनाते समय सॉफ्ट और जालीदार नहीं बनता, तो अब चिंता छोड़ दीजिए। आज हम आपको ऐसी आसान Surati Khaman Recipe और जरूरी टिप्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आपका खमन बिल्कुल बाजार जैसा स्पंजी, हल्का और स्वादिष्ट बनेगा। सही fermentation से लेकर perfect steaming तक, यहां जानिए हर जरूरी स्टेप।

सुरती खमन बनाने के लिए जरूरी सामग्री (Required Ingredients for Surati Khaman)

  • चना दाल - 500 ग्राम
  • बेसन - 100 ग्राम
  • अदरक-मिर्च का पेस्ट - 4 चम्मच
  • तेल - 7 चम्मच
  • साइट्रिक एसिड - ½ चम्मच
  • हल्दी - 1 चम्मच
  • बेकिंग सोडा - 1 चम्मच
  • राई - 3 चम्मच
  • हरी मिर्च - 10 (बीच से कटी हुई)
  • नमक और पानी - आवश्यकतानुसार
  • सजाने के लिए - हरा धनिया और सेव

दाल को पीसना और खमीर उठाना (Grinding and Fermentation Process)

सबसे पहले आपको चना दाल को अच्छे से धोकर करीब 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख देना है। जब दाल अच्छे से फूल जाए, तो इसका पानी निकालकर मिक्सी में थोड़ा सा पानी डालकर इसे दरदरा पीस लें। इसके बाद इसमें साइट्रिक एसिड डालें। इसे डालने से बैटर ज्यादा खट्टा नहीं होता और खमीर भी बहुत अच्छा उठता है। अब इस पिसे हुए पेस्ट में हल्दी और बेसन मिला लें और इसे चम्मच से कम से कम 5 से 10 मिनट तक एक ही दिशा में घुमाते हुए अच्छे से फेंट लें। इसके बाद इसे रातभर के लिए किसी गर्म जगह पर ढककर रख दें ताकि इसमें अच्छा खमीर उठ जाए।

खमन के लिए बैटर तैयार करना (How to Prepare the Khaman Batter)

अगली सुबह जब बैटर अच्छे से फूल जाए, तो उसमें 4 चम्मच तेल, अदरक-मिर्च का पेस्ट, नमक और थोड़ा सा पानी डालकर मिक्स कर लें। पानी उतना ही डालें जिससे घोल न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही ज्यादा पतला। अब ढोकला पकाने वाले बर्तन यानी स्टीमर में पानी गर्म होने के लिए रख दें और जिस प्लेट में खमन बनाना है, उस पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लें। जब पानी उबलने लगे, तो बैटर में 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। सोडा डालते ही बैटर एकदम फूल जाएगा।

खमन पकाने का सही तरीका (Steaming the Khaman Perfectly)

जैसे ही सोडा मिक्स हो जाए, बिना देर किए इस बैटर को तेल लगी हुई प्लेट में पलट दें। अब इसे तेज आंच पर करीब 10 से 15 मिनट के लिए स्टीम होने दें। 15 मिनट बाद चाकू डालकर चेक करें, अगर चाकू साफ बाहर आता है तो समझो खमन पक गया है। अब गैस बंद कर दें और खमन की प्लेट को बाहर निकालकर पूरी तरह से ठंडा होने के लिए छोड़ दें।

सर्व करने से पहले लगाएं तड़का (Tempering and Serving the Khaman)

जब खमन पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब इसे चाकू से चौकोर टुकड़ों में काट लें। अब एक छोटे पैन में 3 चम्मच तेल गर्म करें। तेल गर्म होते ही उसमें राई डालें और जब राई चटकने लगे, तो कटी हुई हरी मिर्च डालकर थोड़ा सा भून लें। इस गरमा-गरम तड़के को कटे हुए खमन के ऊपर चारों तरफ अच्छे से फैला दें। इसके बाद ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया और बारीक सेव डालें। बस, आपका स्वादिष्ट सुरती खमन तैयार है। इसे तीखी-मीठी हरी चटनी के साथ सर्व करें।

सुरती खमन के लिए जरूरी टिप्स (Important Tips for Perfect Khaman)

टिप 1: हल्दी को हमेशा रात में खमीर उठाने के लिए रखते वक्त ही बैटर में मिला दें। अगर आप हल्दी बाद में डालेंगे, तो वो बेकिंग सोडा के साथ रिएक्ट कर जाएगी और खमन के ऊपर लाल धब्बे आ जाएंगे।

टिप 2: खमन को कभी भी गर्म-गर्म में न काटें। अगर आप गर्म में काटेंगे, तो वो बिखर जाएगा और उसका शेप खराब हो जाएगा। इसे हमेशा पूरा ठंडा होने के बाद ही काटें, इससे पीस एकदम क्लीन और परफेक्ट निकलेंगे।

टिप 3: अगर आप चाहें, तो खमन के ऊपर थोड़ा मीठा पानी भी डाल सकते हैं। इससे खमन और ज्यादा मुलायम बनता है।

Updated on:
18 May 2026 07:05 am
Published on:
18 May 2026 07:01 am
Also Read
View All