
Underarm Care Tips: गर्मी हो या वेडिंग सीजन, स्लीवलेस और ऑफ शोल्डर कपड़े पहनने का मन ज्यादातर लोगों का करता है। लेकिन अंडरआर्म्स के कालेपन की वजह से कई लोग इन्हें पहनने में झिझकते हैं। ऐसे में अगर आप भी ऐसा करती हैं, तो आइए जानते हैं कि अंडरआर्म्स की देखभाल के लिए किन-किन बातों का ध्यान रखने से इस परेशानी से बचा जा सकता है।
अंडरआर्म्स को शेव करने के लिए ज्यादातर लोग जल्दबाजी में सूखी स्किन पर ही रेजर का इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे स्किन छिल सकती है और जलन के बाद वहां कालापन बढ़ सकता है। इसलिए हमेशा शेविंग क्रीम या जेल लगाकर शेव करें और रेजर साफ इस्तेमाल करें। इसके साथ ही बालों की बढ़ने की दिशा में हल्के हाथ से रेजर चलाएं और शेविंग के बाद थोड़ा मॉइस्चराइजर लगाएं।
शेव करने के बाद स्किन थोड़ी संवेदनशील हो जाती है। ऐसे में तुरंत डिओडोरेंट या एंटीपर्सपिरेंट लगाने से जलन और खुजली हो सकती है। इसलिए कुछ देर रुककर इसे साफ और सूखी स्किन पर लगाएं। अगर किसी प्रोडक्ट से लालिमा या खुजली हो रही है, तो उसे बंद कर दें और बिना खुशबू वाला हल्का प्रोडक्ट चुनें।
डेड स्किन जमने से भी अंडरआर्म्स डल और काले दिखते हैं। इसके लिए आप नहाते वक्त साफ माइल्ड बॉडी स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा हफ्ते में एक या दो बार ही करें। कटी-छिली या ताजा शेव की हुई स्किन पर स्क्रब बिल्कुल न करें, क्योंकि जोर से रगड़ने पर कालापन घटने की जगह बढ़ सकता है।
अंडरआर्म्स की स्किन भी बाकी शरीर जितनी ही केयर मांगती है। नहाने के बाद हल्का मॉइस्चराइजर लगाने से स्किन नरम रहती है और रगड़ से होने वाली जलन कम होती है। इससे शेविंग के बाद की रूखी स्किन को भी आराम मिलता है।
बहुत टाइट कपड़े और सिंथेटिक फैब्रिक पसीने और रगड़ को बढ़ाते हैं। इसलिए रोजमर्रा में ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि हवा लगती रहे।
इंटरनेट पर अंडरआर्म्स के लिए नींबू, बेकिंग सोडा, सिरका जैसे कई नुस्खे बताए जाते हैं। लेकिन ये नाजुक स्किन पर जलन और खुजली कर सकते हैं। इस तरह के टिप्स के साथ ही फेयरनेस या स्टेरॉयड वाली क्रीम का इस्तेमाल बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल करने से बचें।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।