
White Theme Navratri Photoshoot Ideas: नवरात्रि में पूजा, गरबा और दोस्तों के साथ मस्ती करने या घूमने जाने पर तस्वीरें लेना तो बनता है। हर कोई चाहता है कि त्योहार की तस्वीरें कुछ अलग हों, जिन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ ही बाद में देखकर उन पलों को फिर से याद किया जा सके। अगर आप भी इस बार फोटो में कुछ नया करना चाहते हैं, तो नवरात्रि के दूसरे दिन व्हाइट थीम में फोटोशूट करा सकते हैं। आइए देखते हैं ऐसे आइडियाज, जिनसे आप अपनी तस्वीरों को खास बना सकते हैं।
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है और इस दिन का शुभ रंग सफेद माना जाता है। ऐसे में व्हाइट थीम में फोटो लेने के लिए सफेद कुर्ता, सूट, साड़ी या लहंगा पहन सकते हैं। अगर आप दोस्तों के साथ फोटो लेने वाले हैं, तो सभी एक ही रंग के कपड़े पहनें। इससे तस्वीरों में अच्छा तालमेल नजर आएगा। आप चाहें तो कंट्रास्ट एक्सेसरीज से अपने लुक को थोड़ा स्टाइलिश भी बना सकते हैं।
सफेद कपड़ों के साथ रंगीन फूल तस्वीरों को और खूबसूरत बना सकते हैं। हाथों में गुलाब या गेंदे के फूल लेकर फोटो खिंचवाएं। चाहें तो फूलों से सजी दीवार या सजावट के पास भी पोज दे सकते हैं। यह आइडिया उन लोगों के लिए अच्छा है, जिन्हें सिंपल और एस्थेटिक तस्वीरें पसंद हैं।
नवरात्रि में घर और मंदिरों में दीये जलाए जाते हैं। शाम के समय रोशनी से सजी जगह पर तस्वीरें ले सकते हैं। हल्की रोशनी में फोटो का माहौल काफी अच्छा लग सकता है।
नवरात्रि में गरबा खेलने जा रहे हैं, तो वहां की सजावट को फोटो के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। सफेद कपड़ों के साथ रंगीन दुपट्टा या पारंपरिक गहने पहनें। डांडिया हाथ में लेकर या दोस्तों के साथ गरबा करते हुए तस्वीरें लें। ऐसी फोटो में त्योहार की रौनक भी नजर आएगी और आपका अंदाज भी।
अगर आप दोस्तों के साथ नवरात्रि मनाने जा रहे हैं, तो पहले से व्हाइट थीम तय कर सकते हैं। सभी सफेद कपड़े पहनकर एक साथ फोटो लें। कोई डांडिया लेकर खड़ा हो, कोई बैठकर पोज दे और बाकी लोग हंसते हुए तस्वीर खिंचवाएं। जरूरी नहीं कि हर फोटो में एक जैसा पोज हो। नेचुरल अंदाज में ली गई तस्वीरें अक्सर ज्यादा अच्छी लगती हैं।
अगर घर में माता रानी की चौकी सजाई है, तो उसकी सजावट के पास एक अच्छी तस्वीर ले सकते हैं। लाल चुनरी, फूल और दीयों से सजा पूजा स्थल फोटो को नवरात्रि से जुड़ा खास अंदाज देगा।
एक ही जगह खड़े होकर बार बार फोटो लेने के बजाय कुछ अलग तरीके अपनाएं। चलते हुए, डांडिया हाथ में लेकर या दुपट्टा संभालते हुए तस्वीर खिंचवाएं। अगर अकेले फोटो ले रहे हैं, तो कैमरे की तरफ देखने के बजाय किसी दूसरी तरफ देखकर भी पोज दे सकते हैं। इससे तस्वीरें ज्यादा नेचुरल लगेंगी।