World TB Day 2026: आज के इस लेख में हम बताने जा रहे हैं कि टीबी क्यों फैलता है, World TB Day क्यों मनाया जाता है और इस साल की थीम क्या है। आइए, इन सभी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
World TB Day 2026: टीबी (Tuberculosis) एक ऐसी बीमारी है जो कई सालों से लोगों को अपना शिकार बना रही है, लेकिन आज भी इसके बारे में सही जानकारी की कमी होने की वजह से हर साल लाखों लोग इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। इसीलिए, इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि दुनिया को इस बीमारी से पूरी तरह मुक्त करना है। जब तक हर इंसान टीबी के लक्षणों और इसके इलाज को लेकर सजग नहीं होगा, तब तक इसे जड़ से खत्म करना मुश्किल है। आज के इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे कि टीबी क्यों फैलता है, यह दिवस क्यों मनाया जाता है और इस साल की थीम क्या है। आइए जानते हैं।
क्या आपने कभी सोचा कि टीबी दिवस के लिए 24 मार्च की तारीख ही क्यों चुनी गई? दरअसल, इसके पीछे एक बहुत बड़ी वैज्ञानिक कामयाबी छिपी है। 24 मार्च 1882 को मशहूर डॉक्टर रॉबर्ट कोच ने दुनिया को बताया था कि उन्होंने उस बैक्टीरिया (Mycobacterium tuberculosis) की खोज कर ली है, जिससे टीबी फैलती है। उस दौर में टीबी को एक लाइलाज बीमारी माना जाता था, लेकिन डॉ. कोच की इस खोज ने इसके सटीक इलाज का रास्ता खोल दिया। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में साल 1982 से हर साल 24 मार्च को वर्ल्ड टीबी डे के रूप में मनाया जाने लगा।
टीबी एक संक्रामक बीमारी है जो हवा के जरिए एक इंसान से दूसरे इंसान में फैलती है। जब टीबी से पीड़ित व्यक्ति खांसता या छींकता है, तो उसके मुंह से निकलने वाले बारीक कण हवा में मिल जाते हैं। अगर कोई स्वस्थ व्यक्ति उस हवा में सांस लेता है, तो ये बैक्टीरिया उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। ज्यादातर यह फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती है, लेकिन यह शरीर के अन्य अंगों जैसे हड्डियों, किडनी या दिमाग में भी हो सकती है। इसके मुख्य लक्षणों में 2 हफ्ते से ज्यादा खांसी रहना, बलगम में खून आना, रात में पसीना आना, अचानक वजन कम होना और हर वक्त थकान महसूस होना शामिल है।
हर साल विश्व टीबी दिवस एक खास थीम के साथ मनाया जाता है। WHO ने विश्व टीबी दिवस 2026 की थीम 'हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं!' (Yes! We Can End TB!) रखी है। यह थीम हमें उम्मीद दिलाती है कि अगर हम सब मिलकर कोशिश करें, तो टीबी का नामो-निशान मिटाया जा सकता है।
टीबी से बचने का सबसे अच्छा तरीका सावधानी और सही समय पर जांच है। बच्चों को जन्म के समय BCG का टीका जरूर लगवाना चाहिए। इसके अलावा, अपनी डाइट अच्छी रखें ताकि आपकी इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) मजबूत रहे। इसके साथ ही अगर किसी को 2 हफ्ते से ज्यादा खांसी है, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें। सबसे जरूरी बात यह है कि अगर टीबी का इलाज शुरू हो जाए, तो दवाइयों का कोर्स कभी बीच में न छोड़ें। इलाज अधूरा छोड़ने से टीबी और भी खतरनाक रूप (MDR-TB) ले लेती है, जिसका इलाज काफी मुश्किल होता है।