
Yami Gautam Lifestyle: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम का 28 नवंबर को बर्थडे है। हिमाचल प्रदेश में जन्मी यामी का परिवार कुछ सालों बाद चंडीगढ़ आ गया, जहां उन्होंने स्कूल की पढ़ाई की और फिर लॉ की पढ़ाई के लिए कॉलेज में एडमिशन लिया। दरअसल, वो पहले आईएएस अफसर बनना चाहती थीं, लेकिन 20 की उम्र में अचानक उनका मन बदला और वो एक्टिंग के लिए मुंबई आ गईं। ज्यादातर लोग जानते हैं कि बॉलीवुड में आने से पहले यामी ने मॉडलिंग और कई विज्ञापन किए थे, पर बहुत कम लोगों को पता है कि हिंदी सिनेमा से पहले उन्होंने कन्नड़ फिल्म 'उल्लास उत्साह' से करियर शुरू किया था। इसके बाद पंजाबी और तेलुगु फिल्मों में काम करने के बाद 'विकी डोनर' से उनका बॉलीवुड डेब्यू हुआ, जिसमें वो आयुष्मान खुराना की पत्नी के किरदार में नजर आई थीं। ऐसे में आइए जानते हैं कि एक्ट्रेस की लाइफस्टाइल कैसी है।
यामी गौतम ने रेडियो सिटी मुंबई से बातचीत में बताया कि उन्हें दिनभर कुछ न कुछ पीते रहना पसंद है, और वो जहां भी जाती हैं, उन्हें साथ में कुछ चाहिए होता है। इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति और फिल्ममेकर आदित्य धर कोई भी पेय नहीं पीते। यामी के मुताबिक आदित्य न कॉफी पीते हैं, न चाय और न ग्रीन टी, लेकिन वो उनके लिए सबसे अच्छी कॉफी बनाते हैं।
आदित्य धर ने एक बार BePeppy TV से बातचीत में अपनी पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम को "बेस्ट ह्यूमन्स" में से एक बताया था। उन्होंने कहा कि यामी आध्यात्मिक और धार्मिक हैं, अपने काम में बहुत गंभीर और प्रोफेशनल हैं। अगर उन्हें सुबह 6 बजे शूट के लिए बुलाया जाए, तो वो 5:30 बजे तक तैयार होकर पहुंच जाती हैं। इसके लिए वो रोज 3:30 बजे उठकर नहाती हैं और पूजा करती हैं। आदित्य का कहना है कि इस वजह से वो प्रोफेशनल और पर्सनल दोनों तौर पर खुद को बहुत किस्मत वाला मानते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यामी और उनके पति आदित्य धर ने अपना स्थायी ठिकाना मुंबई से हिमाचल प्रदेश शिफ्ट कर लिया है। यामी ने मंडी के गोहर में 25 एकड़ जमीन के साथ एक 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था। यह घर लकड़ी और पत्थर से बना है और ऑर्गेनिक किचन गार्डन से घिरा है।
घर पारंपरिक हिमाचली वास्तुकला में बना है, जिसमें पत्थर और लकड़ी का भरपूर इस्तेमाल है, साथ ही हल्की ढलान वाली छत और अंदर की तरफ धंसी हुई खिड़कियां हैं। अंदर की सजावट सादी है और उसमें फर्श से छत तक के कांच की खिड़कियों या महंगे फर्नीचर जैसी आधुनिक लग्जरी नहीं है। पुरानी लकड़ी की खुली बीम घर की सबसे खास चीजों में से हैं, जिनके साथ गर्म प्राकृतिक रंग और लकड़ी की नक्काशी घर को देसी और अपनापन भरा लुक देती है।