
Gud Ki Chashni बनाने के लिए टिप्स (Representative Image) Image Credit Magnific
Chikki Making Tips: सर्दियां आते ही बाजार में फ्रेश गुड़ मिलने लगता है, जिससे लोग मूंगफली की चिक्की के साथ ही तिल या लाई के लड्डू जैसी कई रेसिपी बनाते हैं। लेकिन इन्हें बनाते समय सबसे ज्यादा मेहनत और गड़बड़ी चाशनी बनाने में होती है, क्योंकि चाशनी सही न पकी हो तो पूरी मेहनत बेकार जा सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि चाशनी की सही पहचान कैसे करें और बनाते समय किन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें।
चाशनी सही बनी है या नहीं, इसे जांचने का सबसे आसान तरीका है कटोरी में ठंडा पानी भरकर उसमें चाशनी की बूंद डालकर देखना। इसके ट्रिक के लिए गुड़ पिघलाना शुरू करने से पहले ही एक छोटी कटोरी में ठंडा पानी भरकर पास रख लें। जब चाशनी में उबाल आए, तो उसकी कुछ बूंदें पानी में डालकर देखें और उंगलियों से उठाकर परखें।
अगर वह पानी में डालते ही तुरंत सख्त हो जाए और मोड़ने पर बिना धागे बने चटाक से टूट जाए, तो चाशनी तैयार है। अगर वह नरम रहे, खिंचे या धागे जैसी बने, तो इसका मतलब चाशनी अभी कच्ची है और थोड़ी देर और पकानी है। इसके अलावा आप पानी में सख्त हुए टुकड़े को दांत से चखकर भी देख सकते हैं। अगर वह दांत में चिपके, तो चाशनी को एक-दो मिनट और पकाएं और दोबारा टेस्ट करें।
लाई के लड्डू बनाते समय सबसे आम गलती यही होती है कि लोग लड्डू की चाशनी को भी चिक्की जितना पका देते हैं। लाई के लड्डू के लिए चाशनी नरम से हल्की सख्त गोली वाली होनी चाहिए। यानी पानी में डालने पर बूंद घुले नहीं और उंगलियों में उठाने पर आराम से गोली बन जाए, जो चिपके नहीं। चाशनी ज्यादा पक गई तो लड्डू बांधते समय ही मिश्रण सख्त हो जाता है, और बाद में लड्डू भी कड़े बनते हैं। चाशनी पतली रह गई तो लाई आपस में बंध नहीं पाती और लड्डू बिखर जाते हैं।
सारा गुड़ चिक्की के लिए एक जैसा काम नहीं करता। प्योर गुड़ कई बार हार्ड बॉल की अवस्था तक पकने के बाद भी रेशेदार बना रहता है और चिक्की कुरकुरी नहीं बनती। ऐसे में गुड़ की चाशनी में थोड़ी शक्कर मिलाना बेहतर माना जाता है।
चाशनी पकते ही मेवे या मूंगफली मिलाकर मिश्रण को तुरंत चकले पर फैलाएं और बेल लें, क्योंकि ठंडा होते ही चिक्की जम जाती है और फिर आकार देना मुश्किल हो जाता है। चिक्की को पतला बेलें, क्योंकि मोटी चिक्की सख्त बनती है और उसका कुरकुरापन चला जाता है।
अगर चिक्की में चमक नहीं आ रही, तो गुड़ पिघलाते समय एक चम्मच तेल या घी डालकर देख सकते हैं। और अगर गुड़ पिघलते समय दानेदार होने लगे, तो इसकी वजह अक्सर ज्यादा चलाना होती है। ऐसे में एक चम्मच पानी डालें, आंच धीमी करें और बिना चलाए गुड़ को दोबारा पिघलने दें।
लाई यानी मुरमुरे पहले से कुरकुरे होने चाहिए। अगर वे नरम हों, तो उन्हें धीमी आंच पर हल्का भूनकर ठंडा कर लें, वरना लड्डू नरम और लचीले बनेंगे। चाशनी में लाई डालने के बाद आंच धीमी रखें और जल्दी-जल्दी मिलाएं। हथेली पर थोड़ा पानी लगाकर गर्म-गर्म लड्डू बांधें, पर ज्यादा जोर से न दबाएं। अगर बांधते समय मिश्रण सख्त होने लगे, तो कड़ाही को कुछ मिनट के लिए बहुत धीमी आंच पर रखकर दोबारा नरम कर लें।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
स्वास्थ्य




