
लखनऊ. देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाले मुंबई शहर में हनी ट्रैप के जरिए डकैतों ने ढ़ाई करोड़ की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में यूपी एसटीएफ ने मुंबई एसटीएफ के साथ मिलकर डकैती में शामिल दो डकैतों को इलाहाबाद (यूपी) से गिरफ्तार किया है। साथ ही इनके पास से डकैती की काफी रकम भी बरामद की है। एसटीएफ ने इसकी पहचान मुंबई के रहने वाले शंकर रामचन्द्र तेलंगे और फिरोज शेख के रुप में की है।
यूपी में छिपे बैठे थे डकैत
यूपी एसटीएफ के मुताबिक गत 27 अक्टूबर 2017 को वा, नवी मुम्बइ(महाराष्ट्र) में अपराधियों ने सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें डकैतों ने ढ़ाई करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और ज्वेरात की डकैती की थी। इस मामले में दो आरोपियों के यूपी में छिपे होने की सूचना पर मुम्बई पुलिस के अधिकारियोें ने यूपी एस.टी.एफ. से सहयोग मांगा था। इस संबंध में एसएसपी एसटीएफ अभिषेक सिंह ने एसएसपी प्रवीन सिंह चौहान के नेतृत्व वाली एस.टी.एफ. फील्ड इकाई इलाहाबाद को मामले में लगाया। इसके बाद यूपी और मुंबई एसटीएफ ने कार्रवाई शुरु की और सूचना मिली कि डकैती की घटना में वांछित आरोपी अपने किसी मित्र से मिलने के लिए लक्ष्मी चौराहे (इलाहाबाद) के पास आने वाले हैं। इस सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को टीम ने गिरफ्तार किया।
हनी ट्रैप के जरिये रची साजिश
आरोपियों से पूछताछ में पता चाल कि आर्थिक तंगी के कारण वे किसी भी ढंग से जल्दी ही पैसे वाला बनना चाहते थे। एक दिन उनकी एक परिचित महिला ने जानकारी दी कि नवी मुम्बई के वासी सेक्टर-17 में एक अदरक के बहुत बड़े व्यवसायी अरूण मेकुदाले रहते हैं, जिनके घर में बहुत पैसा है, और उनके घर सी.सी.टी.वी. भी नहीं लगा है। साथ में बताया गया कि दोपहर में व्यवस्तता के कारण वह घर पर भी नहीं रहते हैं। पैसे की लालच में आरोपियों ने एक मित्र सुभाष से यह बात बताई और उस व्यापारी के घर पर डकैती के लिए योजना बनाई। फिर इसी योजना के तहत घटना के चार दिन पूर्व अपने साथी सुभाष, दानिश, शनि , मुन्ना, दिनेश, उमर उस व्यापारी के घर पर गये। लेकिन व्यापारी के घर में मौजूद होने के कारण लूट की योजना टाल दी गयी थी। इसके बाद दिनॉंक 27 अक्टूबर को दोपहर में वे सभी पूर्व योजना के तहत दो गाडि़यों में फिर उसके घर पर पहुॅचे। इस बार आरोपी एक लड़की को भी कोरियर गर्ल बनाकर गिफ्ट पैक के साथ अपने साथ ले गये थे। कोरियर गर्ल बनी लड़की से दरवाजा खुलवाया गया। दरवाजा खुलते ही एक-एक करके सब लोग घर में घुस गये और वहॉ मौजूद महिलाओं को असलहों के बल पर नियन्त्रित कर घर में रखे 2 करोड़़ 9 लाख रूपये नकद और आभूषण बैग में भरकर भाग गये। इसके बाद सभी लोग सुभाष के घर पहुॅंचे और लूटे गये पैसे व माल का बटवारा करके सभी अपने-अपने ठिकानो के लिए चले गये। दोनों के हिस्से 37 लाख रूपये आये थे, जिसको उन्होंने आपस में बांट लिया था। इसी धनराशि में से कुछ पैसा लेकर वे अपने एक परचित से मिलने इलाहाबाद आये थे, जहॉं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से 6,79,900 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पांच की गिरफ्तारी मुंबई में हुई
एटीएस के मुताबिक इस घटना में 11 आरोपियों में से 5 आरोपियों सुभाष पाटिल, मुन्ना, खुशी, शनि और अनीता मसाने को मुम्बई पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही लूट के 55 लाख रूपये भी बरामद किए थे।