लखनऊ

UP Politics: बृजभूषण सिंह की बेटी का सियासी डेब्यू तय? कौन हैं शालिनी सिंह; बोलीं- मौका मिला तो चुनाव लड़ूंगी

UP Politics: बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह सक्रिय राजनीति में कदम रखने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व कहेगा तो वह चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
3 min read
Sep 08, 2026
about shalini singh brij bhushan daughter politics entry
बृजभूषण शरण सिंह और शालिनी सिंह। फोटो सोर्स- X (@ArunAzadchahal)

About Shalini Singh Brij Bhushan Daughter: BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह भी अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने की तैयारी में हैं। बुलंदशहर में सोमवार को एक निजी कार्यक्रम में पहुंचीं शालिनी सिंह ने राजनीति में आने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि समाज में पहचान किसी पार्टी या टिकट से नहीं, बल्कि नेतृत्व और जनता के लिए किए गए काम से बनती है।

शालिनी सिंह ने कहा कि अगर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह निश्चित रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगी। उनके इस बयान के बाद उनकी संभावित राजनीतिक पारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

15 साल से नोएडा में सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय

शालिनी सिंह के मुताबिक, वह पिछले करीब 15 सालों से नोएडा में सामाजिक क्षेत्र में काम कर रही हैं। अब वह राजनीति में भी अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी पार्टी या विपक्ष को देखकर अपनी बात नहीं रखतीं, बल्कि जिन मुद्दों को सही मानती हैं, उन पर आवाज उठाने में विश्वास रखती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने UGC समेत कई अन्य मुद्दों पर भी अपनी राय जाहिर की।

राजनीतिक परिवार से है शालिनी सिंह का रिश्ता

शालिनी सिंह का मायका और ससुराल दोनों ही राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े हैं। उनकी शादी बिहार के आरा सेपूर्व सांसद अजीत सिंहऔर पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते बेटे विशाल सिंह से हुई है। शालिनी सिंह फिलहाल अपने पति और परिवार के साथ नोएडा में रहती हैं। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा राष्ट्र सेविका समिति से भी जुड़ी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने संगठन की इसी शाखा का सर्वोच्च प्रशिक्षण भी पूरा किया है।

पिता, मां और दोनों भाई राजनीति में सक्रिय

शालिनी सिंह के परिवार में पहले से ही कई सदस्य राजनीति में सक्रिय हैं। उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली नेता रहे हैं। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से 6 बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 1991 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने कई चुनावों में कैसरगंज का प्रतिनिधित्व किया। वह भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

मां केतकी देवी सिंह भी रह चुकी हैं सांसद

शालिनी सिंह की मां और बृजभूषण शरण सिंह की पत्नी केतकी देवी सिंह भी राजनीति में सक्रिय रही हैं। उन्होंने 1996 में गोंडा लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया था। इस तरह बृजभूषण शरण सिंह के परिवार की राजनीतिक सक्रियता कई वर्षों से चली आ रही है। अब शालिनी सिंह के राजनीति में आने के संकेतों के बाद परिवार की अगली पीढ़ी की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

कौन हैं शालिनी सिंह?

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शालिनी सिंह सामाजिक क्षेत्र में काम कर रही हैं, वह लेखिका हैं। वह अब तक 5 किताबें लिख चुकी हैं। उन्हें कविता लिखने और कविता पाठ में भी रुचि है। इसके अलावा उनकी कई पेंटिंग प्रदर्शनियां भी लग चुकी हैं। शालिनी सिंह को शूटिंग का भी अनुभव है। सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ वह नोएडा सिटिजन फोरम से भी जुड़ी हुई हैं। उन्हें वकील और एजुकेशनिस्ट के तौर पर भी बताया जाता है।

क्या चुनाव लड़ेंगी शालिनी सिंह?

शालिनी सिंह के हालिया बयान से साफ संकेत मिलता है कि वह सक्रिय राजनीति में आने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी ओर से किसी खास सीट या चुनाव की घोषणा नहीं की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने का निर्देश देता है तो वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि शालिनी सिंह को पार्टी की ओर से चुनावी राजनीति में कब और किस भूमिका में उतारा जाता है।