
AIMIM Chief Asaduddin Owaisi Statement: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचलें अभी से तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी यूपी में 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है तो उन्होंने साफ किया कि पार्टी की तरफ से अभी तक ऐसा कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है कि वे कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि ओवैसी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वे यूपी में चुनाव जरूर लड़ेंगे और इस बार उनका प्रदर्शन पहले के मुकाबले बहुत अच्छा होगा।
ओवैसी ने साफ किया कि पार्टी किन सीटों पर और कुल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसका फैसला बहुत जल्द कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी का संगठन पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुका है। ओवैसी ने अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जनता के बीच एक समझ पैदा हो चुकी है कि ये दल हमेशा AIMIM पर झूठे इल्जाम लगाते हैं और लोगों में यह भ्रम फैलाते हैं कि वे सत्ता में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग हमेशा सेक्युलरिज्म की दुहाई देते हैं लेकिन अब जनता जान चुकी है कि ये झूठे वादे और फरेब चलने वाले नहीं हैं। जनता ने अपनी लीडरशिप को खुद मजबूत बनाने का फैसला कर लिया है।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में AIMIM एक मजबूत विकल्प के तौर पर उभर रही है। उन्होंने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार के नतीजों ने इस सोच को और पुख्ता कर दिया है कि AIMIM अकेले दम पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए पूछा कि बिहार चुनाव के बाद क्या हुआ अन्य पार्टियां आखिर NDA को कहां रोक पाईं। ओवैसी ने कहा कि हम अपनी कमजोरियों को दूर कर रहे हैं और आने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में हमारे कई नेता विधायक बनकर सदन में पहुंचेंगे।
इससे पहले हैदराबाद में मिलाद-उन-नबी के अवसर पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने एक सवाल उठाया था। उन्होंने पूछा कि जब देश में हर समुदाय का अपना एक अलग नेतृत्व है तो मुसलमानों का अपना नेतृत्व क्यों नहीं होना चाहिए? उन्होंने कहा कि भारत और उसका लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर वर्ग का प्रतिनिधित्व होगा। ओवैसी ने चिंता जताते हुए कहा कि देश में एक समुदाय की आबादी 18 करोड़ है लेकिन संसद में उनके सिर्फ 24 सांसद हैं जो उनकी आवाज उठाने के लिए नाकाफी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यूपी चुनाव में AIMIM उम्मीदवारों की सफलता के लिए दुआ करें और पार्टी को मजबूत बनाएं।