
Delhi liquor Controversy:उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शराब नीति के मुद्दे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के कार्यकाल में दिल्ली में शराब के कारोबार को बढ़ावा मिला और शराब नीति मामले में उनसे जुड़े लोग जेल भी गए। अजय राय ने कहा कि अब यही लोग ड्रग्स के मुद्दे पर बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब नीति विवाद से जुड़ा कोई व्यक्ति ड्रग्स के मुद्दे पर सवाल कैसे उठा सकता है।
भाजपा पंजाब में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' निकाल रही है। 18 सितंबर से शुरू हुई इस मुहिम के तहत चार अलग-अलग यात्राएं निकाली जा रही हैं। ये यात्राएं पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से गुजरेंगी। इसी अभियान को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें संदेश दिया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत पंजाब की धरती से होनी चाहिए। उनके मुताबिक, पंजाब के युवा और राज्य का भविष्य नशे के खतरे से प्रभावित हो रहे हैं।
भाजपा के इस अभियान पर अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर नितिन नवीन की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि नशे के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत पंजाब से नहीं, मुंद्रा पोर्ट से होनी चाहिए। अगर आपको पंजाब की रत्ती भर भी चिंता है तो गुजरात से आने वाले नशे को रोकिए। इन यात्राओं का कुल प्रस्तावित सफर करीब 4,000 किलोमीटर है। अभियान का समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है।
केजरीवाल ने इसी बयान के जवाब में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को पंजाब के नशे की चिंता है तो गुजरात से आने वाले कथित नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने पर भी ध्यान देना चाहिए। इस मुद्दे पर पंजाब सरकार की ओर से भी भाजपा की यात्रा को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मुंद्रा पोर्ट से बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त किए जाने का मुद्दा उठाते हुए भाजपा से जवाब मांगा था। दूसरी ओर, भाजपा पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों और कार्रवाई पर सवाल उठाती रही है। भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा और आप की ओर से मुंद्रा पोर्ट का मुद्दा उठाए जाने के बाद दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।