लखनऊ

‘राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल किया’, अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सुरेंद्र राजपूत बोले- भाजपा वाले डरे हुए हैं

UP News: अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश निजी, धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा पर जा रहे हैं। राजपूत ने भाजपा पर राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
Surendra Rajput
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत (ANI Photo)

Akhilesh Ayodhya Visit:अयोध्या में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा पर निशाना साधा है। लखनऊ में सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि अखिलेश यादव निजी, धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा के लिए अयोध्या जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अखिलेश के अयोध्या जाने से भाजपा और उसके इकोसिस्टम को परेशानी क्यों हो रही है। सुरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रभु श्रीराम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल किया है और उनके चढ़ावे की चोरी की है।

राम मंदिर जाना या नहीं, निजी फैसला: चिराग

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि किसी की व्यक्तिगत आस्था पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खुद आस्तिक हैं और उनके लिए आस्था पूरी तरह निजी विषय है। अखिलेश यादव राम मंदिर जाना चाहते हैं या नहीं, दर्शन करेंगे या नहीं, यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। इसे किसी भी तरह राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।

वोट बैंक के डर से मंदिर नहीं जाएंगे: राकेश

लखनऊ में भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव राम मंदिर कैसे जा सकते हैं, क्योंकि इससे उनका वोट बैंक प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि देशभर में लंबे समय से राम भक्त यह सवाल पूछ रहे हैं। राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव के 'नई समाजवादी पार्टी' वाले दावे पर भी सवाल उठाया और कहा कि यह वही पुरानी सपा है, जिसने बाबरी के पक्ष में बात की थी और कारसेवकों पर गोली चलाने को अपनी उपलब्धि बताया था।

अवधेश प्रसाद ने अयोध्या में किया स्वागत

अयोध्या में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अखिलेश यादव के दौरे का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उनके संसदीय क्षेत्र में आ रहे हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र, जिले और जिले के सभी लोगों की ओर से वह अखिलेश यादव का स्वागत और अभिनंदन करते हैं।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर जाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के गृह जिले में मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह भव्य मंदिर बन रहा है और दुनिया के सबसे बड़े मंदिरों में से एक होगा। अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ भगवान श्रीराम के मंदिर जाएंगे और वे भी उनके साथ रहेंगे।

Updated on:
08 Oct 2026 01:02 pm
Published on:
08 Oct 2026 12:15 pm