
Uttar Pradesh Politics News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आंदोलनकारियों का समर्थन किया है। उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि किसी के रोके नहीं रुकेगा अब दिल्ली में देश जुटेगा, अखिलेश ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने ताकत के बल पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो यह उसकी बड़ी भूल होगी। उन्होंने जंतर-मंतर को नई चेतना और जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। राजधानी के बॉर्डर और आने-जाने के प्रमुख रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पुलिस के साथ केंद्रीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने और दिल्ली आने वाली कुछ ट्रेनों के रद्द होने की भी जानकारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में भाजपा सरकार पर निशाना साधने के साथ युवाओं के हौसले का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि माना बादशाहों का बंदोबस्त है बख़्तरबंद पर उन्होंने देखा न नौजवानों का दमख़म यहां हौसलों की भी तैयारी है चाकचौबंद हैं साथ सब, मानकर इसको अंतिम जंग इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने युवाओं की ताकत और आंदोलन में उनकी एकजुटता का संदेश दिया।
SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर INDIA गठबंधन के नेता लगातार विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार रात विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। विपक्षी नेताओं के मुताबिक, राष्ट्रपति ने उनकी बात सुनी। अब सोमवार, 12 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों की मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मुलाकात प्रस्तावित है।
विपक्षी दलों का आरोप है कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में अनियमितताएं हुई हैं। इसी के विरोध में गठबंधन ने राष्ट्रपति के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं।