अखिलेश ने मुलाकात कर दिया बड़ा बयान, छात्र नेताओं ने की ये मांग.
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं नेहा यादव, रमा यादव एवं किशन मौर्या से मुलाकात की व इन लोगों के साथ पुलिस द्वारा की गई बर्बरता के बारे में जाना। आपको बता दें कि 27 जुलाई को इलाहाबाद में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के काफिले को इन लोगों ने काला झण्डा दिखाया था जिसके बाद पुरूष कमाण्डो और पुलिस ने नेहा यादव के तो बाल नोचकर उसपर लाठी भी बरसाई थी। इस वारदात का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।
अखिलेश ने मुलाकात कर दिया बड़ा बयान-
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस घटना को अलोकतांत्रिक और संवेदनहीन बताते हुये इसकी आलोचना की है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्र नेताओं के संघर्ष में सहयोगी है।
छात्र नेताओं ने बताई आप-बीती-
इलाहाबाद से आये छात्र नेताओं ने अखिलेश यादव को 27 जुलाई की पूरी वारदात बताई। उन्होेंने कहा कि धूमनगंज पुलिस की गाड़ी में बैठाकर हम सभी को वो जंगल की तरफ ले गए जहां हमें उतारा गया। फिर जान से मारने की धमकी देकर हमें पीटा गया। आशा ज्योति केन्द्र में उन्हें रात भर रखा गया और सुबह महिला कांस्टेबल व महिला थाना इंचार्ज द्वारा फिर बाल नोचकर अभद्र गालियां देते हुए कोर्ट ले जाया गया। इस दौरान रास्ते में भी पिटाई की गई। हमारे खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया।
अमित शाह के खिलाफ केस दर्ज करने की उठाई मांग-
छात्र नेताओं ने यह मांग की है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज हो। उन पर लाठियां चलाने वाले कमांडो व पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें बर्खास्त किया जाए। साथ ही भाजपा के जिन लोगों ने उनकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की है, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हो व वीडियो से छेड़छाड़ करने वालों पर मुकदमा दर्ज हो।
आपको बता दें कि नेहा यादव इलाहाबाद विश्वविद्यालय का अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रही है। सपा छात्र सभा ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है।