लखनऊ

यशवंत सिन्हा के सपा कार्यक्रम में शामिल होने के सवाल पर अखिलेश ने दिया बड़ा बयान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज भाजपा पर एक बार फिर हमला किया।
2 min read
Oct 12, 2018
Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज भाजपा पर एक बार फिर हमला किया। उन्होंने गंगा की सफाई को लेकर भाजपा सरकार पर धोखा देने का आरोप लगाया। साथ ही राफेल डील को लेकर उन्होंने भाजपा के घेरा। सपा अध्यक्ष लखनऊ के लोहिया पार्क में आयोजित डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी की सरकार बनी है तब-तब समाजवादियों ने डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के सपनों को पूरा करने का काम किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में शौचालय बनाने से लेकर सड़कों को गड्ढामुक्त करने तक हर काम में भ्रष्टाचार फैला हुआ है।

मां को धोखा देने वाले को माफी नहीं मिलती-

उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में भाजपा ने गंगा की सफाई को लेकर एक भी काम नहीं किया। प्रोफेसर जी डी अग्रवाल गंगा की सफाई के लिए अनशन कर रहे थे। अनशन करते-करते उनकी मौत हो गई, लेकिन सरकार ने उनकी एक भी न सुनी। भाजपा सरकार ने गंगा मैया को धोखा दिया है और जो मां को धोखा देते हैं वह उन्हें कभी भी माफ नहीं करती हैं।

यशवंत सिन्हा के सपा कार्यक्रम में आने पर बोले अखिलेश-

गुुरुवार को पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा सपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में आए थे, जहां उन्होंने देश के हालात इमरजेंसी से भी बदतर होने की बात के साथ ही नोटबंदी पर भी भाजपा को घेरा था। इसके सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर देश का पूर्व वित्तमंत्री नोटबंदी पर कोई बात करता है तो ये बेहद गंभीर मसला है।

अखिलेश ने राफेल मुद्दे पर भी मोदी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि अगर इस डील में सब कुछ ठीक है तो रक्षामंत्री को फ्रांस क्यों जाना पड़ा। डील पर सवाल उठ रहे हैं, आखिर सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है?

Updated on:
12 Oct 2018 04:37 pm
Published on:
12 Oct 2018 04:37 pm