लखनऊ

बुखार से मर गए 700 लोग, संवेदनहीन बनी है योगी सरकार : अखिलेश यादव

लखनऊ में पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव ने कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि योगी सरकार संवेदनहीन बनी है।
2 min read
Sep 20, 2018
Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav

लखनऊ. सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुखार से यूपी में मारे गए 700 लोगों के मामले में योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। लखनऊ में पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव ने कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि योगी सरकार संवेदनहीन बनी है।

700 लोगों की बुखार से मौत-

पार्टी कार्यालय में एकत्र जनसमूह को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में न तो दवा उपलब्ध है और नहीं इलाज की व्यवस्था है। इसके अभाव में मौते हो रही हैं। बरेली, लखनऊ, देवी पाटीन मण्डल में करीब डेढ़ लाख लोग रहस्यमय बुखार से पीड़ित हैं। डेंगू की ओर जापानी बुखार का जोर है, लोग आतंकित हैं। सरकार संवेदनशून्य बनी हुई है। सात जनपदों में 700 लोग बुखार से मर गए है। अकेले बहराइच में 70 लोगों की मौत हो गई, लेकिन भाजपा सरकार को जरा भी कष्ट नहीं हुआ। जब गोरखपुर में सैकड़ों बच्चों की मौत आक्सीजन के अभाव में हो गई तो भी उसकी संवेदना नहीं जागी थी।

सपा पर भाजपा ‘राजनीतिक राकेट' चलाना चाहती है-

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर भाजपा ‘राजनीतिक राकेट' चलाना चाहती है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आता जाएगा हमले की रफ्तार बढ़ती जाएगी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने भी रास्ता निकाला लिया हैं जिससे भाजपा को परास्त किया जा सकता है। आखिर लोकतंत्र की लड़ाई बड़ी है और हमें हर समय सजग रहना है।

नोटबंदी के कारण लोग पलायन कर रहे- अखिलेश

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार के नोटबंदी फैसले पर कहा कि नोटबंदी से न तो कालाधन समाप्त हुआ है और न भ्रष्टाचार। जीएसटी से बेकारी बढ़ी है और आर्थिक संकट में वृद्धि हुई है। 35 से 40 हजार कारोबारी भारत छोड़कर पलायन कर गए हैं। भारत की पूरी अर्थव्यवस्था भाजपा की गलत नीतियों और फैसलों के चलते पूरी तरह से चैपट हो गई है। उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर झूठा प्रचार करने और समाज को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं वजहों से पूर्व गृहमंत्री सरदार पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगा दिया था।

लोग शिक्षित हो जाएं तो शौचालय स्वयं बना लेंगे-
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोगों को संपन्न बना दों, वे शिक्षित हो जाएं तो शौचालय स्वयं बना लेंगे। भाजपा ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की बात कही, दिया नहीं। समाजवादी सरकार ने मंडियों की व्यवस्था की थी, भाजपा सरकार ने रोक दिया। विद्युत आपूर्ति बर्बाद हो गई है। कन्नौज में दुग्ध का प्लांट समाजवादी सरकार में लगा था। अखिलेश ने कहा कि 2019 और 2022 में लोकतंत्र की परीक्षा है। भाजपा के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के लिए जनता अब मन से तैयार है।

Published on:
20 Sept 2018 08:39 pm