लखनऊ

PDA से आगे बढ़कर अखिलेश की नई चुनावी रणनीति, 2027 में सत्ता वापसी का लक्ष्य, Gen-Z से Alpha तक पर फोकस

Samajwadi Party PDA Formula: अखिलेश यादव ने PDA प्रणपत्र के जरिए 2027 में सत्ता वापसी का सियासी गणित साधने की कोशिश की है। दलित-पिछड़ों से आगे बढ़कर महिलाओं, युवाओं और किसानों को भी अपने पाले में लाने के लिए भाजपा के मजबूत चुनावी समीकरण को चुनौती देने की रणनीति बनाई है।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 10:13 AM IST
Samajwadi Party PDA Formula
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Photo ANI)

UP Assembly Election 2027: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपने घोषणा पत्र के जरिए ऐसा चुनावी दांव चला है, जिसके केंद्र में सिर्फ PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक ही नहीं, बल्कि महिलाएं, युवा, किसान और सरकारी कर्मचारी भी हैं। भाजपा ने साल 2017 में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता देकर सत्ता हासिल की थी। अब अखिलेश ने इन्हीं मुद्दों पर अपने वादे सामने रखकर भाजपा को घेरने की कोशिश की है। 'सत्ताइस का संकल्प पीडीए का प्रणपत्र' में उन्होंने हर उस वर्ग के लिए कुछ न कुछ देने का वादा किया है, जिसके समर्थन से 2027 में सत्ता तक पहुंचने का रास्ता बन सकता है। खास बात यह है कि इस बार सपा प्रमुख ने Gen-Z और Alpha पीढ़ी को भी अपने एजेंडे में शामिल किया है।

PDA के साथ दलित-पिछड़ों को साधने का दांव

अखिलेश यादव ने अपने प्रणपत्र में PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को सबसे ज्यादा राजनीतिक महत्व दिया है। सरकारी ठेकों में आरक्षण, बैकलॉग पदों पर भर्ती और जातिगत जनगणना कराने का वादा इसी रणनीति का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में दलित आबादी करीब 21 फीसदी और पिछड़े वर्ग की आबादी लगभग 40 फीसदी बताई जाती है। इन दोनों वर्गों का समर्थन चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में सपा की कोशिश है कि आबादी के हिसाब से अधिकार देने के वादे के जरिए इन वर्गों को अपने साथ जोड़ा जाए।

Gen-Z और Alpha के लिए रोजगार और शिक्षा पर फोकस

इस बार अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी को भी अपने चुनावी एजेंडे में जगह दी है। पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और एक करोड़ लोगों को रोजगार से जोड़ने का वादा किया गया है। पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने का वादा भी युवाओं को ध्यान में रखकर किया गया है। मुफ्त शिक्षा और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की बात से जेन-जी और अल्फा पीढ़ी को जोड़ने की कोशिश की गई है।

कानून-व्यवस्था पर वादे से भाजपा को जवाब देने की कोशिश

सपा के लिए कानून-व्यवस्था हमेशा से राजनीतिक चुनौती रही है। सीएम योगी अपनी सभाओं में 2017 से पहले की सपा सरकार को कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर घेरते रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस बार सिर्फ इन आरोपों का जवाब देने के बजाय सुरक्षा को लेकर अपने वादे भी सामने रखे हैं। भाजपा जहां अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और बुलडोजर को अपनी सरकार की पहचान बताती है, वहीं सपा ने जमीनों को कब्जे से बचाने और पुलिस की जवाबदेही पर जोर दिया है।

जानिए समाजवादी पार्टी के 2027 के घोषणा-पत्र के वादे क्या-क्या हैं

श्रेणीघोषणा-पत्र में किया गया वादा
युवा और रोजगारबेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने ₹5 हजार बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए ₹2 लाख की सहायता दी जाएगी।
सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी होगा।
पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा।
अग्निवीर योजना के विरोधियों को रोजगार देने की व्यवस्था की जाएगी।
पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को भरने का फैसला होगा।
महिला और बेटियांबेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने का ऐलान किया गया है।
महिलाओं को सालाना ₹40 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
कक्षा 9 से ऊपर की छात्राओं को साइकिल और सोलर लैंप दिए जाएंगे।
शिक्षा और शिक्षामित्रप्रदेश में एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएगी।
सरकारी स्कूलों के शिक्षकों से चुनाव ड्यूटी जैसे गैर-शिक्षण कार्य नहीं कराए जाएंगे।
शिक्षामित्रों को नियमित करने के लिए तीन साल के अंदर नीति बनाई जाएगी।
1.5 लाख शिक्षामित्रों का हर महीने ₹5,000 मानदेय बढ़ाया जाएगा।
बंद स्कूलों को फिर से खोला जाएगा।
दलित और पिछड़े वर्गदलितों और असहाय लोगों की जमीनों पर कब्जा रोकने के लिए विशेष STF बनाई जाएगी।
₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50% आरक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाई जाएगी।
किसानकिसानों की कर्जमाफी की जाएगी।
फसलों पर MSP देने का वादा किया गया है।
सरकारी कर्मचारी और मजदूरपुरानी पेंशन बहाल करने की दिशा में काम किया जाएगा।
आशा, आंगनवाड़ी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी पक्की की जाएगी।
स्वास्थ्य और गरीब परिवारगरीब परिवारों को ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
गरीबों को मुफ्त इलाज और एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।