
Akhilesh Yadav Reaction To NDA Lead: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने NDA की बढ़त पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, '' बिहार में जो खेल SIR ने किया है वो प. बंगाल, तमिलनाडू, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पायेगा क्योंकि इस चुनावी साज़िश का अब भंडाफोड़ हो चुका है। अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे।CCTV की तरह हमारा ‘PPTV’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं छल है।''
आज दोपहर 12.42 बजे तक NDA 193 सीटों पर आगे चल रही थी। 243 सीटों वाली विधानसभा में 122 सीटें बहुमत का आंकड़ा है। वहीं NDA नेताओं ने SIR प्रक्रिया की विपक्ष की आलोचना को चुनाव हारने वालों की बौखलाहट बताया है। यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, BJP नेता राजभूषण निषाद ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख को यह समझना चाहिए कि फर्जी मतदाताओं, खासकर अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने में SIR प्रक्रिया के महत्व को समझने में अभी भी देर नहीं हुई है। उन्होंने कहा, " हमने देखा है कि अखिलेश यादव जी जैसे लोगों ने अवैध प्रवासियों का समर्थन कैसे किया है।"
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। इसी बीच हाई-प्रोफाइल मोकामा सीट से बड़ी खबर सामने आ रही है कि अनंत सिंह जीत गए हैं। अनंत सिंह ने वीणा देवी को 29720 वोटों से हरा दिया है। दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद JDU प्रत्याशी अनंत सिंह के इस अभेद्य किले को भेद दिया है। अनंत सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, RJD उम्मीदवार वीणा देवी से शुरुआत से ही आगे चल रहे थे।
बाहुबल और प्रभाव के लिए मशहूर मोकामा हाई-प्रोफाइल सीट पर अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी के बीच मुकाबला चल रहा था। मोकामा सीट पर अनंत सिंह 19287 वोटों से आगे चल रहे थे। 18वें राउंड की गिनती के बाद उनको 68132 वोट मिले, जबकि वीणा देवी के खाते में 48845 वोट आए। 20वें दौर की मतगणना समाप्त होने के बाद अनंत सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 23 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे थे।