लखनऊ

Muzaffarnagar Crime: ‘दिखावटी जांच नहीं, न्याय होना चाहिए’, ग्राम प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या पर बोले अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav: मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में ग्राम प्रधान के बेटे रोहन राठी की पीट-पीटकर हत्या के मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
• •
Sep 24, 2026
Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव (फोटो सोर्स :Akhilesh Yadav/x )

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात को लेकर सियासत गरमा गई है। पुरकाजी के हरेटी गांव में ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते बेटे रोहन राठी की लाठियों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस घटना के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है। सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला।

अखिलेश यादव ने उठाई न्याय की मांग

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा है कि, "यह अत्यंत दुखद समाचार है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के हारती गांव में ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते बेटे रोहन राठी की लाठियों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस दुखद खबर से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आक्रोश और आक्रोश फैल गया है। इस मामले की जांच के लिए सिर्फ दिखावटी जांच टीम गठित करना काफी नहीं है। हत्यारों को बेनकाब किया जाना चाहिए। दुख की इस घड़ी में हम पूरी सहानुभूति और संवेदना के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। न्याय अवश्य होना चाहिए!"

ये है पूरा मामला

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रोहन राठी बुधवार शाम 6 बजे भोपा थाने के ननेहदा गांव में अपने मित्र किट्टू के यहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। जब वह रात 11 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसके पिता विवेक राठी ने फोन पर रोहन से बात की। इस दौरान उसके मित्र किट्टू ने बताया कि रोहन सुबह घर आ जाएगा। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब स्कूली बच्चे अपने परिजनों के साथ सलेमपुर के रास्ते हरेटी स्कूल जा रहे थे, तब उन्होंने खेत के पास रोहन का शव पड़ा हुआ देखा।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। शुरुआती जानकारी के अनुसार रोहन के शरीर पर चोट के निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से भी जानकारी ली और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए 3 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का सफल पर्दाफाश किया जाएगा। घटना को लेकर अखिलेश यादव ने हत्यारों को जल्द बेनकाब करने की मांग की है।