
Akhilesh Yadav Press Conference: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में भजपा पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा, हम यह मैसेज देना चाहते हैं कि अगर वे स्कूल बंद करते हैं, तो हम उन बच्चों को स्कूल का सामान और बैग देंगे ताकि वे अपनी पढ़ाई पर वापस लौट सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि सपा धार्मिक कथाओं के खिलाफ नहीं है, बल्कि भगवान राम, उनके पिता और भगवान कृष्ण को लेकर अपमानजनक बातें करने वालों के विरोध में है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि भगवान राम के पिता के बारे में कोई इस तरह की बात कैसे कह सकता है? अगर ऐसा कोई आम व्यक्ति कह दे तो उसके साथ क्या होगा? अखिलेश ने भाजपा पर धार्मिक आयोजनों में देवी-देवताओं के सम्मान का ध्यान नहीं रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों में हनुमान जी को भी नचाया गया। ऐसे में भाजपा से क्या उम्मीद की जा सकती है?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की बात मानने से लोगों का भविष्य खराब होगा, इसलिए उसकी बात नहीं माननी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जाने से पहले ही भाजपा में बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। डिक्शनरी में अब लंपट जैसे शब्द भी शामिल हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि वह लोगों को न्याय नहीं दिलाना चाहते। उन्होंने भाजपा नेताओं के काफिलों से जुड़ी मौतों का जिक्र किया और लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में थार गाड़ी से लोगों को कुचलने की घटना का भी हवाला दिया। गोरखपुर की घटना की निंदा करते हुए अखिलेश ने सीएम योगी पर पीड़ित बच्चे के परिवार को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर और आसपास के इलाकों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हजारों स्कूल बंद कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर बंद किए गए 27 हजार स्कूलों को फिर से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी PDA की कैबिनेट बनाएगी और PDA को मजबूत करने के लिए रूठे हुए लोगों को मनाने के साथ छूटे हुए लोगों को भी साथ जोड़ा जाएगा। बुनकरों को बिजली, स्वास्थ्य और बाजार की बेहतर सुविधाएं देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परफ्यूम सिटी बनाना चाहती है, जबकि भाजपा गोबर सिटी बनाना चाहती है। भाजपा के नारे पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि कमल मुरझा गया है, इसलिए भाजपा के लोग राधे-राधे कहकर कमल खिलाने की बात कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आईटीआई, आईआईटी और ट्रिपल आईटी के क्षेत्र में बेहतर शुरुआत की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने आईटी सिटी को बर्बाद कर दिया है। सपा प्रमुख ने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर बच्चों को नई तकनीक के साथ पढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने, इसका बजट बढ़ाने और छात्रावासों की सुविधाएं बेहतर करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में महिला छात्रावासों को और बेहतर बनाया जाएगा।