
BJP Double Engine Government: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर हुए ट्रेन हादसे के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन का स्लीपर कोच बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। अब इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसा है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि यह तो पहले ही कहा जा रहा था कि भाजपा राज में सिर्फ डबल इंजन ही नहीं बल्कि, डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। अब लुधियाना से आया यह वीडियो सारा सच बयां कर रहा है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रेन हादसे का वीडियो शेयर करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि, डबल इंजन का दावा करने वालों की सरकार में डिब्बे ही टूटकर 'डबल' हो रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा का भ्रष्टाचार ही हर चीज के निर्माण में घटिया क्वालिटी के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है। सत्ताधारी दल का लालच आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, "भाजपा की गाड़ी पूरी तरह बेपटरी हो गई है और जब भाजपा सत्ता से जाएगी तभी देश की तरक्की वापस पटरी पर आएगी।"
दरअसल, शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे नई दिल्ली से वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन लुधियाना स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान स्लीपर कोच में एक बेहद तेज झटका लगा और शौचालय के पास का हिस्सा अचानक टूटकर दो भागों में बंट गया। घटना के वक्त कोच के शौचालय का ढांचा भी टूटकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत और अफरातफरी मच गई। गनीमत यह रही कि यह हादसा स्टेशन पर धीमी गति में हुआ जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी और आपातकालीन राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कोच में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उस क्षतिग्रस्त डिब्बे को ट्रेन से अलग कर दिया। लुधियाना स्टेशन के निदेशक आदित्य ने बताया कि ट्रेन में तुरंत एक दूसरा वैकल्पिक कोच जोड़ दिया गया जिसके बाद ट्रेन को बिना किसी विशेष देरी के वैष्णो देवी कटरा के लिए रवाना कर दिया गया।