
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां के खिलाफ राज्यसभा सांसद अमर सिंह द्वारा मंगलवार को शुरू की गई एफआर्इआर यात्रा बुधवार रात लखनऊ के गोमतीनगर थाने में एफआर्इआर दर्ज कराने के बाद खत्म हुई। अमर सिंह भारी भरकम सुरक्षा के बीच गोमतीनगर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आज़म खां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
अमर सिंह ने सांप्रदायिक दंगा भड़काने का आरोप-
अमर सिंह ने सपा नेता आजम खां के खिलाफ उन्हें व उनकी बेटियों को धमकी देने को लेकर यह FIR यात्रा शुरू की थी। अमर सिंह अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटा लेट गोमतीनगर थाने पहुंचे। इसके लिए उन्होंने मीडिया से माफी भी मांगी। अमर सिंह ने आरोप लगाया कि एक निजी न्यूज चैनल को बयान देने के दौरान आजम खान ने उनके परिवार की महिलाओं की हत्या और तेजाब से गलाने की धमकी दी। इसी के साथ ही उनके सामाजिक छवि को खराब किया है। अमर सिंह ने आजम खां पर सांप्रदायिक दंगा भड़काने का भी आरोप लगाया है। गोमतीनगर थाने में आजम खां के खिलाफ धारा 153क, 153 खा, 295 क, 500/ 506 आईपीसी में केस दर्ज हुआ है। यहां के प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकी सिंह के मुताबिक अमर सिंह ने आरोप लगाया कि आजम खान से उनके परिवार को जान माल का खतरा है। वह लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इन शहरों से होकर पहुंची अमर सिंह की एफआईआर यात्रा-
दिल्ली से होते हुए अमर सिंह की आमज खां के खिलाफ यह एफआईआर यात्रा गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आैर आगरा होते हुए फिरौजाबाद पहुंची। जिसके बाद थोड़ा सा विश्राम करने के बाद आज बुधवार को यह यात्रा मैनपुरी, कन्नौज, उन्नाव, कानपुर होते हुए लखनऊ के गोमतीनगर थाने पहुंची हैं। यूपी के लगभग 16 जिलों से यह यात्रा गुजरी।