लखनऊ

सारस से अलग होने के बाद शोक में डूबा अमेठी का आरिफ, कही ये बातें

अमेठी निवासी आरिफ अपने सारस से जुदा हो गए हैं। इसके बाद से आरिफ गमजदा हैं। उन्होंने अपना एक वीडियो वायरल कर लोगों से सारस को बचाने की गुहार लगाई है।
2 min read
Mar 23, 2023
Arif and Saras are separated

उत्तर प्रदेश में इन दिनों एक सारस पक्षी की चर्चा तेज हो गई है। यह वही सारस है जो अमेठी के आरिफ नामक शख्स के साथ दोस्ती को लेकर चर्चा में आया था। मगर इस दोस्ती को बाद में ‘नजर’लग गई। दरअसल, वन विभाग सारस को आरिफ से अलग कर उसे समसपुर पक्षी विहार ले गया था। जहां से सारस लापता भी हो गया था। इसी को लेकर सारस के साथी आरिफ ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में आरिफ ने भावुक होकर कई बातें कही हैं। आइए जानते हैं आरिफ ने क्या-क्या कहा है।

अमेठी के आरिफ ने कहा, “सारस पक्षी जो मेरा दोस्त था, उसको वन विभाग वाले लेकर गए हैं। आज सुबह न्यूज में देखा हमने, अखिलेश भैया ने ट्वीट भी किया है…पता चला कि वहां से भी वो गायब हो गया है। पता नहीं वन विभाग वाले उस बेजुबान के साथ क्या कर रहे हैं। उस बेजुबान का सिर्फ यही कुसूर है कि वो एक इंसान से दोस्ती कर बैठा।”

वो जहां भी होगा हमको ढूंढ रहा होगा: आरिफ
आरिफ ने कहा, “सारस इंसानों से दूर नहीं भागता, वो जहां भी होगा हमको ढूंढ रहा होगा। पता नहीं उसने खाना खाया भी है या नहीं। वो दाल-चावल, रोटी-सब्जी यही सब खाता है। जब मेरे पास था तो अपने परिवार से मिलने चले जाता था और वापस भी आ जाता था। इस दोस्ती को पता नहीं किसकी नजर लग गई। आप लोग प्लीज मेरा सपोर्ट कीजिए।”

सारस और आरिफ की दोस्ती के वीडियो हुए थे वायरल
ये पूरा मामला अमेठी के गौरीगंज तहसील के मटका गांव का है। यहां एक साल पहले सारस के पैर में चोट लग गई थी। इस दौरान आरिफ ने उसकी मदद की और फिर इन दोनों के बीच ‘दोस्ती’ हो गई। इसके बाद सारस और आरिफ का एक वीडियो भी वायरल हुआ।

इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। वीडियो में आरिफ बाइक से कहीं जा रहे थे और पीछे से सारस हवा में उड़ता हुआ उनके साथ चल रहा था। इसके बाद ही आरिफ और सारस की दोस्ती पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई।

अखिलेश ने भी की मुलाकात
वीडियो देख अखिलेश भी आरिफ और सारस की दोस्ती देखने आरिफ के गांव आ पहुंचे। अखिलेश ने खुद सारस और आरिफ के साथ फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए। अखिलेश के दौरे के बाद एक बार फिर आरिश और सारस की दोस्ती हाईलाइट हो गई।

Updated on:
23 Mar 2023 07:20 pm
Published on:
23 Mar 2023 07:20 pm