
Uttar Pradesh News:उत्तर प्रदेश में नौकरियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। सपा प्रवक्ता अमिक जमी ने मुख्यमंत्री के छह महीने में 1.5 लाख नौकरियां देने के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक इसके विपरीत कुछ कह रहे हैं तो इससे प्रदेश के छात्रों और युवाओं में निराशा फैल रही है। उन्होंने बेरोजगारी और नौकरियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि क्या सरकार युवाओं के भविष्य का मजाक उड़ा रही है। अमिक जमी ने कहा कि युवाओं को फुटबॉल नहीं बनाना चाहिए।
दरअसल, इससे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे थे कि ई रिक्शा ले लो, खूब चलाओ और खूब पैसे कमाओ। नौकरी के चक्कर में मत पड़ो। अपना चार घंटा ई रिक्शा चलाओ और दोपहर में बच्चों के साथ रहो। वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को लेकर कई तरह के सवाल उठाए गए थे। हालांकि, वीडियो की पड़ताल में सामने कि ये वीडियो पुराना है। यह लखनऊ में भारत टैक्सी योजना की लॉन्चिंग के कार्यक्रम का है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे और सामने बैठे लोगों में बड़ी संख्या में ड्राइवर शामिल थे, जो भारत टैक्सी योजना से जुड़ने वाले थे।
कार्यक्रम के दौरान ब्रजेश पाठक ड्राइवरों को उनके काम के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। उन्होंने ड्राइविंग के पेशे की तारीफ करते हुए कहा था कि दूसरी नौकरी में व्यक्ति को दूसरों के हिसाब से काम करना पड़ता है, जबकि अपना काम करने वाला अपने हिसाब से काम कर सकता है।
बता दे कि इससे पहले सीएण योगी ने कहा था कि हम अगले 6 महीने के अंदर, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी यूपी में उपलब्ध करवाएंगे। सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इस दौरान कल्याण मंडपम् का भी उद्घाटन किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराना है।