
Anil Rajbhar: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए दावा किया कि पूरा विपक्ष एकजुट हो जाए, तब भी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को नहीं हरा पाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए समाजवादी पार्टी को गैरजिम्मेदार बताया और कहा कि प्रदेश को गुंडा और माफिया के हवाले करने वालों से और क्या उम्मीद की जा सकती है। वहीं, उनके बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार करते हुए भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में मजबूत स्थिति में है और आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अगर पूरा विपक्ष भी एकजुट हो जाए, तो भी वह उत्तर प्रदेश में BJP को हरा नहीं पाएगा। हम निर्णायक बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर निर्णायक बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने साल 2012 से साल 2017 के बीच का दौर देखा है। उन्होंने कहा कि आज भी समाजवादी पार्टी और उसके नेता हर मुद्दे को गैरजिम्मेदाराना तरीके से उठाते हैं। ऐसा लगता है कि उन्हें न समाज के हित की चिंता है और न ही देश के हित की। राजभर ने आगे कहा कि आज संसद में पेश होने वाले तीन महत्वपूर्ण विधेयकों पर समाजवादी पार्टी का रुख भी सबके सामने आ जाएगा। चाहे शिक्षा क्षेत्र में सुधार का विषय हो, वंदे मातरम् से जुड़ा मुद्दा हो या न्यायपालिका में सुधार से संबंधित विधेयक, सदन में पता चल जाएगा कि समाजवादी पार्टी देश को क्या संदेश देना चाहती है। उन्होंने कहा कि गुंडा और माफिया के हवाले प्रदेश को करने वाले से हम और क्या उम्मीद कर सकते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लगातार मजबूती के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता लोगों को जोड़ने और एकजुट करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश और पूरे देश में लगातार कड़ी मेहनत कर रही है। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को एकजुट करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और काम कर रहा है। हम किसी का दमन करने में विश्वास नहीं रखते। हम सबको एकजुट करके, उन्हें सशक्त बनाकर और साथ लेकर आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी को दबाने या कमजोर करने की राजनीति नहीं करती। राहुल गांधी की सोच सभी को साथ लेकर चलने की है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा समाज और देश को बांटने की राजनीति कर रही है। जबकि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर उनके विकास के लिए काम करती है।