
Uttar Pradesh Politics: दिल्ली में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनने की बात सिर्फ दिवास्वप्न है। अवधेश प्रसाद के मुताबिक, भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है और आने वाले चुनाव में उसे इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा के नेता PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) से घबराए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ रही है और लोगों का उन पर भरोसा भी मजबूत हुआ है। सपा सांसद ने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आएगा, भाजपा नेताओं की चिंता और बढ़ेगी।
सपा सांसद ने प्रदेश सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में लोगों को दुख और परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसान, शिक्षक, युवा और व्यापारी समेत समाज का हर वर्ग सरकार से परेशान है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि लोगों ने मौजूदा सरकार को हटाने का मन बना लिया है और चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में एक बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि साल 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह पूरी तरह अडिग है और इसे कोई भी हिला नहीं सकता। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी मनमुटाव भूलकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप वही कार्यकर्ता हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव में 73 सीटें और विधानसभा चुनाव में 312 सीटें जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।