
Ayodhya Janakpur Express: भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच जल्द ही सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के बीच शुरू होने वाली इस ट्रेन से दोनों देशों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय कर ट्रेन 19 घंटे में जनकपुर धाम पहुंचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 23 नवंबर को इस सेवा का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। ट्रेन में 17 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसमें एसी और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे होंगे। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू करने की योजना है।
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी है। इस सफर में ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों से होकर गुजरेगी। भारत में 10 प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन रुकेगी। इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
जयनगर भारत की ओर इस रेल मार्ग का आखिरी स्टेशन होगा। यहां से ट्रेन भारत-नेपाल सीमा पार करके नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।
इस ट्रेन में यात्रियों के लिए आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। पूरी ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें एसी और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। हालांकि, यात्रियों को जनरल श्रेणी का कोच नहीं मिलेगा। ट्रेन में आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में यात्रा के लिए कन्फर्म टिकट लेना जरूरी होगा।
भारत और नेपाल के नागरिकों को एक-दूसरे के देश में जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती, लेकिन पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
ट्रेन का किराया, समय-सारणी और दूसरी जरूरी जानकारियों की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद टिकट बुकिंग शुरू होगी। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के अलावा रेलवे आरक्षण काउंटरों से भी टिकट ले सकेंगे। नेपाल में यात्रा के दौरान नेपाली रुपये के साथ 100 रुपये तक के भारतीय नोट इस्तेमाल किए जा सकते हैं। 100 रुपये से अधिक मूल्य के भारतीय नोट वहां प्रतिबंधित हैं। इसलिए यात्रियों को इस बात का ध्यान रखना होगा।