
BJP Democracy Campaign: उत्तर प्रदेश में बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने INDI गठबंधन पर देश को अस्थिर करने और लोगों को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसे हालात पैदा करना चाहता है। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। इस बीच अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर भी सपा और अपनी जनता पार्टी के नेताओं के बीच बयानबाजी सामने आई है।
लखनऊ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि INDI गठबंधन के लोग देश को अस्थिर करने और जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि टीवी चैनलों पर दिखाए गए स्टिंग ऑपरेशन से विपक्ष की मंशा सामने आई है। उनके मुताबिक, विपक्ष भारत में बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसे हालात बनाना चाहता है। पंकज चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र बहुत मजबूत है और इसकी जड़ें समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचती हैं। देश में ऐसे हालात न बनें और जनता को जागरूक किया जा सके, इसलिए बीजेपी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली निकाल रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश की जनता ने जब से कांग्रेस को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सत्ता से बाहर किया है, कांग्रेस पार्टी का देश में अराजकता पैदा करने का एजेंडा है। इसके खिलाफ जनजागरण के लिए हमारी पार्टी ने यह अभियान शुरू किया है और यह अभियान आज से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा और हम लोग देश की जनता को आगाह करेंगे।
वहीं, मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि जिस तरह से विपक्ष एकजुट होकर अराजकता फैलाने का काम कर रहा है। हम मानते हैं कि लोकतंत्र में अपनी बात कहने का सबको अधिकार है लेकिन असहमति की आड़ में अराजकता फैलाने का अधिकार किसी को भी नहीं है, आज इसको लेकर हमारी पदयात्रा भी है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो कांग्रेस की बात का समर्थन कर रहे हैं। तिवारी ने कहा कि कांग्रेस 13 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कह रही है, जबकि अमित शाह 3 करोड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इसे अपनी बात सही साबित होने का आधार बताया।
तिवारी ने कहा कि मैं भाजपा पर आरोप लगाता हूं कि उसने लोकतंत्र की हत्या की है, उसके पास एक टूल है, उसका नाम है ज्ञानेश, ना शर्म है, ना कहीं से हया है, ना गैरत है, इतने बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद भी कुर्सी से इसलिए चिपका है, क्योंकि वो इतना गलत कर चुका है कि उसकी गर्दन अमित शाह और मोदी के हाथ में हैं। उसने अपनी कुर्सी पर कलंक लगा दिया है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने स्वामी प्रसाद मौर्य के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव INDIA गठबंधन के कई दलों में से एक हैं, पूरा गठबंधन नहीं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि सिर्फ सपा ही नहीं, बल्कि पूरा देश मानता है कि अखिलेश यादव INDIA गठबंधन के प्रमुख नेताओं में से एक हैं।