लखनऊ

लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के इन सांसदों के टिकट काटने जा रही है बीजेपी! भाजपाइयों में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश में बीजेपी अपनी ही पार्टी के मौजूदा 25 सांसदों के टिकट काटने की तैयारी में है...

2 min read
Oct 06, 2018
2019 loksabha chunav
लोकसभा चुनाव से पहले इन सांसदों के टिकट काटने जा रही है बीजेपी! भाजपाइयों में मचा हड़कंप

लखनऊ. लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में बीजेपी अपनी ही पार्टी के मौजूदा 20-25 सांसदों के टिकट काटने की तैयारी में है। इस लिस्ट में पार्टी की छवि खराब करने वालों के साथ ही उन सांसदों के नाम भी शामिल हैं, जो अभी तक जनता के बीच में अपनी छवि नहीं सुधार पाये हैं और जनता उनसे नाराज है। सूत्रों की मानें तो इस लिस्ट में बहराइच से बीजेपी सांसद सावित्रीबाई फुले का नाम सबसे ऊपर है। डुमियागंज से सांसद जगदम्बिका पाल, कानपुर से सांसद मुरली मनोहर जोशी और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज के टिकट जाने की चर्चा जोरों पर है। इनके अलावा पार्टी आलाकमान सहारनपुर, बाराबंकी, गोंडा, धौरहरा, इलाहाबाद, और देवरिया सांसदों के नाम भी काटने की तैयारी में है, जिन्होंने पिछले एक साल से पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जमीनी सर्वे के आधार पर 25 सांसदों को दोबारा टिकट न देने का फैसला किया है। सर्वे में साफ तौर पर सामने आया है कि अगर इन सांसदों को लोकसभा चुनाव में फिर से टिकट दिया गया तो पार्टी को हार का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि इनके क्षेत्र में सांसदों द्वारा कोई विकास कार्य नहीं कराये गये हैं, जिनसे स्थानीय जनता नाराज है। ऐसे सांसदों की लिस्ट में उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज समेत कई अन्य बीजेपी सांसदों के नाम शामिल बताये जा रहे हैं।

इन सांसदों को 2019 में नहीं मिलेगा टिकट!
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में दावा किया कि पार्टी आलाकमान के इशारे पर पहले ही ऐसे सांसदों की लिस्ट तैयार कर ली गई थी, जिनकी जनता के बीच नकारात्मक छवि है। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कई सांसद ऐसे थे, जो अच्छी छवि न होने के बावजूद मोदी लहर के सहारे चुनाव जीत गए थे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा, पार्टी ऐसे सांसदों को लोकसभा टिकट नहीं देगी। इसके अलावा पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले नेताओं के भी टिकट कटने तय हैं।

पार्टी आलाकमान पर दबाव बना रहे सांसद
दोबारा टिकट न मिलने के अंदेशे से बीजेपी के कई सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर आलाकमान पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वह पार्टी के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। लेकिन पार्टी नेतृत्व उन्हें तवज्जो देकर उनके प्रति सहानुभूति का माहौल बनने का मौका नहीं देना चाहती। सूत्रों की मानें तो बीजेपी के जिन सांसदों को टिकट कटने की भनक लग गई है वे अभी से नये ठौर की तलाश में जुट गये हैं। ताज्जुब नहीं कि लोकसभा चुनाव से पहले करीब दर्जन भर बीजेपी सांसद समर्थकों संग दूसरी पार्टी का दामन थाम लें।

देखें वीडियो रिपोर्ट...

Updated on:
08 Oct 2018 04:55 pm
Published on:
06 Oct 2018 05:56 pm