लखनऊ

बेटे की शराब के कारण हुई मृत्यु, भावुक सांसद पिता ने ली प्रतिज्ञा, शुरु करेंगे बड़ा आंदोलन

जवान शादीशुदा बेटे की नशे के कारण मृत्यु से दुखी मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर (Kaushal Kishore) ने देश को नशा मुक्त करने की प्रतिज्ञा ले ली है।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2020, 4:16 PM IST
Kaushal Kishore
Kaushal Kishore

पत्रिका न्यूज नेटवर्क.
लखनऊ. जवान शादीशुदा बेटे की नशे के कारण मृत्यु से दुखी मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर (Kaushal Kishore) ने देश को नशा मुक्त करने की प्रतिज्ञा ले ली है। भावुक सांसद ने सोशल मीडियो पर एक पत्र जारी किया जिसमें उसने अपने पुत्र के प्रति मोह व उसे नशे से बाहर न ला पाने का मलाल साफ झलक रहा है। सांसद का पुत्र आकाश किशोर उर्फ जेबी महज 28 वर्ष का था और उसे पत्नी से एक बेटा भी था। शराब पीने से हुए ज्वाइंडिस और लीवर डैमेज के कारण उसकी 19 अक्टूबर को मृत्यु हो गई थी। सांसद अपने पुत्र के नशे की आदत से वाकिफ थे। उन्होंने उसे नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती भी कराया, लेकिन आकाश नशा छोड़ न सका। कौशल किशोर का मानना है कि कोई अपने आप नशा नहीं करता। बल्कि कोई न कोई उसे उकसाता है।

उन्होंने कहा कि मेरा बेटा भी इसी का शिकार हुआ। मैंने बहुत लोगों को नशे से जुड़ी शराब, बीड़ी, सिगरेट, मसाला छुड़वा दिया, लेकिन खुद के बेटे को शराब नहीं छुड़वा सका, मुझे इस बात की बहुत तकलीफ है। नशे के कारण कई घर बर्बाद होते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सांसद 3 दिसंबर को लखनऊ के गांधी भवन सभागार में एक नशा मुक्त समाज बनाने का आंदोलन शुरू करेंगे, जिसके लिए उन्होंने जन सहयोग की मांग भी की है। नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए रविवार को उन्होंने अपने आवास पर बैठक आयोजित की जिसमें स्वयंसेवकों ने हर तरह से सहयोग की पेशकश की।

नशा मुक्त बनेगा समाज-
सांसद ने पत्र लिखा कि नई पीढ़ी के लोग नशे से बचें। मेरे बेटे की तरह किसी दूसरे का बेटा या बेटी नशे का शिकार होकर कम उम्र में अपनी जान नहीं देगा। इसलिए नई पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए 3 दिसंबर 2020 को लखनऊ के गांधी भवन सभागार में सुबह 11 बजे से नशा मुक्त समाज बनाने का आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें एक हजार नवयुवक नशा न करने का संकल्प लेंगे व अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी नशे से बचाने का काम करेंगे। यहीं नहीं हर नवयुवक हर माह एक और युवक को अपने साथ जोड़ेंगे और उससे भी अपने जीवन में किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प कराएंगे। संकल्प लेते समय सौ रुपए का संकल्प शुल्क भी जमा कराया जाएगा, जिससे आंदोलन को देशव्यापी बनाया जाएगा। कुछ वर्षों में लोगों को नशा छोड़ने के लिए सोचने पर मजबूर कर देंगे। यह हमारा संकल्प है।

सांसद ने मांगी मदद-
सांसद ने इसके लिए जन सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार नशाबंदी का कानून भले ले आए, लेकिन जबतक पीने वाले या नशे करने वाले लोग रहेंगे, तब तक चोरी छुपे ब्लैक मार्केटिंग से नशे होता रहेगा। जब तक समाज इसके लिए तैयार नहीं होगा, तब तक नशा मुक्त समाज नहीं बन सकता। इसलिए इस मुहिम में हमारे साथ आप जुड़ने का कष्ट करें। इसके लिए मेरी हाथ जोड़कर विनती है। अब और किसी का बेटा, किसी का पति, किसी का भाई नशे की वजह से न मरे, इसलिए इस आंदोलन में नशा मुक्त समाज बनाने में आप हमारा सहयोग करने का कष्ट करें।

Published on: