
Cabinet Extension: यूपी,राजस्थान, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश सहित भाजपा शासित कुछ अन्य राज्यों में कैबिनेट विस्तार जल्द होने वाला है। लंबे समय से इन राज्यों में मंत्रिमंडल विस्तार के कयास लगाए जा रहे थे। उत्तराखंड में पहले से ही कैबिनेट में चार पद खाली चल रहे थे। बीते 16 मार्च को कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद यहां कैबिनेट में खाली पदों की संख्या पांच हो गई थी। उसके तुरंत बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे के चलते कयास लगाए जा रहे थे कि उत्तराखंड में चैत्र नवरात्र तक कैबिनेट विस्तार हो सकता है। ऐसे ही हालात यूपी, राजस्थान और एमपी के भी हैं। उन राज्यों में भी कैबिनेट विस्तार की तैयारी चल रही है। इधर, अब चर्चा है कि बीजेपी पहले केंद्रीय स्तर पर संगठन की संरचना तैयार करना चाहती है। भाजपा के संगठन चुनाव का काम अपने अंतिम चरण में है। भाजपा संगठन के आधे राज्यों के चुनाव पूरे होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाना है। सूत्रों के मुताबिक, अप्रैल के पहले पखवाड़े में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। इसके बाद पार्टी अपनी सत्ता वाले राज्यों के मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल के मुद्दों पर विचार करेगी।
उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के साथ ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की भी चर्चाएं हैं। चर्चा यहां तक भी है कि उत्तराखंड में तीन कैबिनेट मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। इसके अलावा यहां पर विधान सभा अध्यक्ष भी बदले जाने की चर्चाएं लंबे समय से चल रही है। राज्य में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पिथौरागढ़ से एक-एक विधायक को मंत्री बनाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। अब केंद्रीय स्तर पर संगठन की संरचना के बाद ही न केवल उत्तराखंड बल्कि यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला ले सकता है।