लखनऊ

Deputy CM Brajesh Pathak: ‘पइसो चाही त हो जाई, पइसा न लगी’ बुजुर्ग महिला से अवधी में बोले ब्रजेश पाठक, VIDEO हो रहा वायरल

Brajesh Pathak News: लखनऊ के सिविल अस्पताल में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बुजुर्ग महिला से अवधी में बातचीत की और डॉक्टरों को पूरा इलाज करने के निर्देश दिए। वीडियो चर्चा में है।
2 min read
Sep 17, 2026
Brajesh Pathak Video
बुजुर्ग महिला से अवधी में बोले डिप्टी CM (photo: x video grab)

Brajesh Pathak Video: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लखनऊ के अस्पतालों में पहुंचे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला से उनकी बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसमें डिप्टी सीएम महिला से अवधी में बात करते नजर आ रहे हैं।

बुजुर्ग महिला के पास बैठकर हाल जाना

अस्पताल के निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचे और उनका हालचाल पूछा। उन्होंने डॉक्टरों से महिला के इलाज को लेकर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। वीडियो में डिप्टी सीएम डॉक्टरों से कहते सुनाई दे रहे हैं, “अम्मा का पूरा इलाज कराना, ई समझि लओ कि ई हमार अम्मा हैं। अम्मा के इलाज मा कौनो कसर न रहै।” इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला से इलाज में पैसे खर्च होने को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि कहीं इलाज के लिए उन्हें कोई पैसा तो नहीं देना पड़ा। महिला से बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए पैसों की जरूरत होगी तो उसका इंतजाम किया जाएगा।

‘अब खर्च न करना अम्मा’

वीडियो में ब्रजेश पाठक बुजुर्ग महिला से कहते नजर आते हैं कि अब इलाज के लिए उन्हें पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने डॉक्टरों को भी महिला का पूरा इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल में मरीजों से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने इलाज, दवाओं और अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली। ब्रजेश पाठक समय-समय पर अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर मरीजों से सीधे व्यवस्थाओं का फीडबैक लेते रहे हैं।

KGMU में 500 टीबी मरीजों को पोषण पोटली

सिविल अस्पताल के बाद ब्रजेश पाठक किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 500 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सेवा ही संकल्प’ के भाव को आत्मसात करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि टीबी मरीजों के इलाज के साथ उनके पोषण और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सेवा, संवेदना और सहभागिता के साथ टीबी मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

Updated on:
17 Sept 2026 05:11 pm
Published on:
17 Sept 2026 05:11 pm
Also Read
View All