2022 चुनाव में अभी करीब 18 महीने बचे हैं, लेकिन नेताओं के दल बदल का दौर शुरू हो गया।
लखनऊ. 2022 चुनाव (2022 election) में अभी करीब 18 महीने बचे हैं, लेकिन नेताओं के दल बदल का दौर शुरू हो गया। सोमवार को बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) को झटका देते हुए झांसी के जुगल किशोर कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की साइकिल पर सवार हो गए। जुगल किशोर कुशवाहा अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और रेल कर्मचारी संगठन के जोनल अध्यक्ष रहे हैं। वे लोकसभा क्षेत्र झांसी के पूर्व प्रभारी बसपा भी रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष आज जुगल किशोर कुशवाहा सपा में शामिल हुए गए। उन्होंने समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति निष्ठा जताते हुए सन् 2022 के चुनावों में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुशवाहा समाज को धोखा दिया है। वह गरीबों और कमजोर तबकों की नहीं कारपोरेट घरानों की समर्थक पार्टी है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की पक्षधर है।
अखिलेश यादव ने कहा यह-
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनसंख्या के अनुपात में सम्मान और हक देने के लिए जातिवार जनगणना की मांग करती आई है। इस गणना के बाद किसी को किसी से कोई शिकायत नहीं होगी। सामाजिक तानाबाना सुधरेगा। उन्होंने कहा समाज में पिछड़ों, दलितों, शोषितों और आर्थिक रूप से मजबूर लोगों की बेहतर जिंदगी के लिए समाजवादी सरकार ने जो काम किए थे, भाजपा सरकार ने उन्हें चैपट कर दिया है। समाजवादी पार्टी विकास चाहती है। भाजपा विकास विरोधी है।