
लखनऊ. उन्नाव रेप प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। मामले में सीबीआई जल्द ही दो मुकदमों के सम्बन्ध में अपनी दूसरी चार्जशीट जल्दी ही दाखिल करेगी। मुकदमों से सम्बंधित सभी सुबूत जुटाये जा चुके हैं। सबूत में यह बात सामने आई है कि इसमें कुछ पुलिसकर्मी भी आरोपी हैं। हालांकि इस बारे में सीबीआई के अधिकारीयों ने कुछ भी साफ नहीं बोला है। लेकिन सूत्रों का दावा है कि पहली चार्जशीट दाखिल करने के बाद ही दूसरी चार्जशीट जल्दी ही तैयार की जा रही है।
सीबीआई की पहली चार्जशीट में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का नाम होने को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि सीबीआई ने कोर्ट में साफ कहा कि विधायक के खिलाफ अभी विचेचना चल रही है। बता दें कि शनिवार को सीबीआई ने पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। इस चार्जशीट में विनीत मिश्र, बउवा, रामशरण सिंह उर्फ सोनू, जयदीप सिंह उर्फ अतुल सिंह सेंगर (विधायक का भाई) और शशि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह का नाम था। सीबीआई ने जब मुकदमा दर्ज किया था तो उसमें शैलू का नाम भी था लेकिन उसे पड़ताल के बाद क्लीन चिट दे दी गई। इसमें विधायक के खिलाफ साजिश रचने का आरोप था। इसकी विवेचना चल रही है।
पीड़िता की मां की ओर से पिछले साल माखी गांव के विनीत मिश्र, बउवा, शैलू, सोनू व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376,506 और पोक्सो एक्ट-3, 4 के तहत एफआईआर हुई थी। इसे सीबीआई ने अपने यहां 12 अप्रैल को दर्ज किया था। इस मामले की विवेचना चल रही है। इसमें भी विधायक पर आरोप लगाया गया था। सीबीआई ने विधायक का नाम बढ़ाया था। सीबीआई ने अपने यहां तीन मुकदमे दर्ज किये थे। सीबीआई के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि इनकी विवेचना चल रही है।
सीबीआई ने तीनों मुकदमों की चार्जशीट के लिए 150 से अधिक लोगों के बयान लिये हैं। इनमें आठ बयानों को बाद में सीबीआई ने अलग कर दिया। ये बयान सीबीआई की पड़ताल के लिये अहम नहीं बताये जा रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बयान पीड़िता, उसके परिवारीजन, गांव के प्रधान समेत कई लोग और माखी थाने के पुलिसकर्मियों के हैं।