
Akash Anand Political Strategy: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोट बैंक को लेकर राजनीतिक मुकाबला तेज हो गया है। कभी इस वोट बैंक पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का मजबूत कब्जा हुआ करता था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। चंद्रशेखर आजाद की बढ़ती सक्रियता से मायावती के सामने नई चुनौती खड़ी हो रही है। भाजपा, सपा और कांग्रेस भी दलित मतदाताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मायावती की कम सक्रियता के बीच क्या आकाश आनंद बसपा का पुराना बहुजन वोट बैंक संभाल पाएंगे?
यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार दलित मतदाताओं को अपने साथ जोड़ना सभी पार्टियों की रणनीति का अहम हिस्सा बन गया है। बसपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पारंपरिक कैडर वोट को बचाए रखने की है। भाजपा, सपा और कांग्रेस लगातार इस वोट बैंक में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा ने हाल ही में प्रदेशभर के अंबेडकर स्थलों के जीर्णोद्धार की घोषणा की है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के जरिए भी दलित वर्ग को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं। खासकर युवाओं के बीच उनकी सक्रियता और सरकार के खिलाफ हमलावर अंदाज उन्हें अलग पहचान दे रहा है। उनकी कैडर आधारित राजनीति भी बसपा के पारंपरिक वोट बैंक के लिए चुनौती मानी जा रही है। हाल ही में चंद्रशेखर ने गठबंधन के तहत लखनऊ में रैली कर अपनी ताकत दिखाई। इससे साफ है कि वह 2027 के चुनाव से पहले दलित राजनीति में अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं।
कांग्रेस ने भी दलित मतदाताओं को जोड़ने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दलित नेता राजेंद्र पाल गौतम को प्रदेश सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही संविधान दिवस और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनी चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाया है।
लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस संविधान और दलित अधिकारों के मुद्दे को प्रमुखता देने की तैयारी में है। इसी कड़ी में प्रदेश में संविधान रक्षा मार्च निकाला गया और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा आयोजित की गई। खरगे के भाषण में भी अंबेडकर प्रमुख मुद्दा रहे।
इन तमाम राजनीतिक कोशिशों के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती की चुनावी मैदान में कम सक्रियता पार्टी के लिए चिंता का विषय बन सकती है। हालांकि, दलित कैडर के बीच आज भी मायावती की पुरानी छवि और मजबूत पकड़ बनी हुई है। पार्टी के युवा राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अब प्रचार की कमान संभाल रहे हैं। वह प्रदेश में लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। उनकी कोशिश केवल पुराने कैडर को जोड़े रखने की नहीं, बल्कि सर्वसमाज के मतदाताओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की भी है।
समाजवादी पार्टी भी दलित मतदाताओं को लेकर अपनी रणनीति पर काम कर रही है। अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले में डी का मतलब दलित है। पार्टी संगठन में दलित नेताओं को प्राथमिकता देकर इस वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। सपा की कोशिश है कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एक साथ जोड़कर चुनाव में भाजपा को चुनौती दी जाए।
अब सवाल यह है कि क्या आकाश आनंद मायावती के पुराने बहुजन वोट बैंक को एकजुट रख पाएंगे या चंद्रशेखर आजाद समेत दूसरे दलों की सक्रियता बसपा के राजनीतिक आधार को कमजोर करेगी।