28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / यूपी चुनाव से पहले मुस्लिम वोटबैंक पर नई सियासत, अखिलेश-आजम की तस्वीरों पर लाल क्रॉस, लिखा- मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुस्लिमों के नेता नहीं

यूपी चुनाव से पहले मुस्लिम वोटबैंक पर नई सियासत, अखिलेश-आजम की तस्वीरों पर लाल क्रॉस, लिखा- मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुस्लिमों के नेता नहीं

चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है। इस बीच शनिवार को लखनऊ में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Aman Pandey

•

Updated: 28 Nov 2026, 11:10 AM IST

Akhilesh Yadav Azam Khan

लखनऊ में अखिलेश यादव और आजम के लगे पोस्टर। PC: IANS

UP Election 2027: लखनऊ के बर्लिंगटन क्रॉसिंग पर एक राजनीतिक पोस्टर लगाया गया, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री आजम खान की तस्वीरें थीं, जिन पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बना हुआ था। पोस्टर में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (दंगों के दौरान) और आजम खान को मुजफ्फरनगर के प्रभारी मंत्री (दंगों के दौरान) बताया गया है। साथ ही, इसमें लिखा है, मुजफ्फरनगर दंगों के दोषियों को मुसलमानों का नेता नहीं माना जा सकता।

समस्त अब्दुल समाज के नाम से लगा होर्डिंग

पोस्टर के बीच में अल जजीरा की एक खबर का स्क्रीनशॉट लगाया गया है, जिसमें लिखा है कि राहत शिविरों में रह रहे भारतीय बच्चे ठंड से मर रहे हैं और मुजफ्फरनगर में दंगों के बाद के कुछ हफ्तों में करीब 30 बच्चों की कड़ाके की ठंड से मौत होने का भी जिक्र है। होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है कि मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते। नीचे 'समस्त अब्दुल समाज उत्तर प्रदेश' लिखा हुआ है। यह पोस्टर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुस्लिम वोट बैंक को लेकर चल रही सियासत से जुड़ा माना जा रहा है।

दंगों के जख्म फिर हरे

मुजफ्फरनगर दंगा उत्तर प्रदेश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक माना जाता है। साल 2013 में हुए इस दंगे में बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में रहना पड़ा था। ठंड और अव्यवस्था के कारण शिविरों में बच्चों की मौत की खबरों ने उस समय देशभर में चिंता पैदा कर दी थी। अब चुनावी माहौल में एक बार फिर उस घटना का जिक्र कर राजनीतिक निशाना साधा जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पोस्टर किसने और किस संगठन की ओर से लगाया गया है।

मुस्लिम वोटों पर सपा बनाम एआईएमआईएम

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों को लेकर सियासी हलचल तेज हो रही है। समाजवादी पार्टी के सामने जहां अपने पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक को बनाए रखने की चुनौती है, वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इस बीच लखनऊ में अखिलेश यादव और आजम खान के खिलाफ लगे पोस्टरों ने मुस्लिम नेतृत्व और मुजफ्फरनगर दंगों के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

आजम खान लंबे समय से सपा के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में रहे हैं। वहीं, ओवैसी मुस्लिमों के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व और उनकी अलग सियासी भागीदारी की पैरवी करते रहे हैं। ऐसे में आजम और ओवैसी के बीच जारी बयानबाजी के साथ अब पोस्टर के जरिए अखिलेश-आजम पर निशाना साधे जाने को भी मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक प्रभाव और नेतृत्व की बहस से जोड़कर देखा जा रहा है।