
Ankit Baliyan Murder Case Update: शामली के चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों के एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत पूरी तरह से गरमाई हुई है। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में अपराधियों के अंदर पुलिस और सरकार का कोई खौफ नहीं बचा है। हालात ऐसे हैं कि कल को बीच सड़क पर किसी को भी गोली मारी जा सकती है चाहे वह मैं हूं या आप।
चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अपराधियों के प्रति मेरी कोई सहानुभूति नहीं है। मैं उनके माता-पिता से यही कहूंगा कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें ताकि वे अपराध की दुनिया में कदम न रखें। उन्होंने सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए पूछा कि क्या सरकार के पास इस बात का जवाब है कि, अंकित बालियान की हत्या क्यों हुई? आजाद ने कहा कि सरकार एनकाउंटर का क्रेडिट लेना चाहती है लेकिन क्या मुख्यमंत्री या DGP अंकित को वापस लौटा सकते हैं। अगर वे उसे वापस ले आएं तो मैं मान लूंगा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है।
सांसद ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि यह वही प्रदेश है जहां गुंडों के पलायन का दावा किया जाता है लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि यहां दिन दहाड़े 18 गोलियां मारकर हत्या कर दी जाती है। महज 50,000 रुपये के लिए लोग गुस्से में किसी की भी जान लेने लगे हैं। इससे साफ पता चलता है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है। आगामी यूपी चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि आजाद समाज पार्टी ने 45 प्रभारी बनाए हैं और 20 तारीख तक अन्य नए प्रभारियों की घोषणा कर दी जाएगी।
बता दें कि हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम करीब 4 बजे जिम से बाहर निकलते समय अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने 20 राउंड गोलियां चलाईं जिनमें से 5 गोलियां अंकित के पेट और सिर में लगीं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में शामिल 2 शूटर्स को पुलिस ने सोमवार सुबह शामली में हुए एक एनकाउंटर में मार गिराया था। मारे गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रूप में हुई है। इन दोनों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं अंकित बालियान के परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर को पुलिस का बिल्कुल सही कदम ठहराया है।