लखनऊ

योगी आदित्यनाथ का ऐलान – 200 की आबादी वाले मजरों का करेंगे विद्युतीकरण, बनवाएंगे पक्की सड़क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 200 की आबादी वाले हर मजरे का विद्युतीकरण करेंगे और इनके लिए पक्की सड़क भी बनाएंगे।

2 min read
Jun 27, 2018
200 की आबादी वाले मजरों का करेंगे विद्युतीकरण, बनवाएंगे पक्की सड़क

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में ईको गार्डन में आयोजित बंजारा समाज की रैली में कहा कि 200 की आबादी वाले हर मजरे का विद्युतीकरण करेंगे और इनके लिए पक्की सड़क भी बनाएंगे। सीएम ने कहा कि 15 माह में 61 हजार मजरों तक बिजली पहुंचाई गई, 46 लाख परिवारों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए, 8 लाख 85 हजार वंचितों को घर प्रदान किया गया और 72 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण करवाया गया।

बंजारा समाज को सराहा

सीएम ने कहा कि बंजारा नायक समाज ने मुगलों के अत्याचारों के खिलाफ गुरु तेग बहादुर सिंह के साथ मिलकर गौरवशाली इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि बंजारा समाज की युवा पीढ़ी प्रदेश व केंद्र सरकार की चल रही आवास,रोजगार, स्वास्थ्य समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। इसके लिए बेहिचक युवाओं को समय पर जागरूक होना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि किसी समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बंजारा समाज ने बताई समस्याएं

लक्खी शाह बंजारा नायक समाज सेवा संस्थान की ओर से बंजारा नायक विशाल रैली में संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष सरनाम सिंह नायक ने मुख्यमंत्री को पुष्प देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाज की पत्रिका का विमोचन किया गया। समाज के विकास के लिए नौ सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। उन्होंने बंजारा समाज की मांगों को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से आश्वासन दिया।

Published on:
27 Jun 2018 04:56 pm
Also Read
View All